रतनपुरी थाने में सीओ को ज्ञापन सौंपते।
- फोटो : KHATAULI
ढाई साल से लापता महिला सहित तीन लोगों का नहीं लगा कोई सुराग
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव डबल से करीब ढाई वर्ष पूर्व गायब विवाहिता एवं उसकी ननद व बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका। परिवार के सदस्य थक हारकर इन लोगों के लौटने की केवल प्रतीक्षा करते हैं। इतने दिन बीत जाने के बाद परिवार के सदस्यों का कहना है कि पता नहीं नसीब में खुशी लिखा है या गम। इसी कड़ी में बुधवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने लापता की बरामदगी की मांग करते हुए सीओ बुढ़ाना को ज्ञापन सौंपा। बरामदगी के लिए पुलिस को छह दिन का समय दिया गया है।
क्षेत्र के गांव डबल निवासी पप्पू ने बताया कि उसकी पुत्रवधू सोनिया, पत्नी सोनू एवं उसकी बेटी आशमीन उर्फ शिखा तथा उसकी पौत्री वर्षा उर्फ वंशिका 19 फरवरी 2019 से लापता है। काफी तलाश करने के बाद भी इन सभी का कोई पता नहीं लग सका। इस घटना के संबंध में पीड़ित पप्पू ने रतनपुरी थाने पर रिपोर्ट भी दर्ज कराया था। अभी तक लापता लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं लग सकी। उधर, महिला के पति सोनू ने भी अपनी पत्नी, बहन और बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। बुधवार को हिंदू जागरण मंच लक्ष्मी नगर के कार्यकर्ताओं ने जिला मंत्री अंकुर राणा के नेतृत्व में रतनपुरी थाने पहुंचकर लापता लोगों की बरामदगी के लिए सीओ बुढ़ाना विनय कुमार गौतम को ज्ञापन सौंपा। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने सीओ से वार्ता कर इन सभी गायब महिला एवं युवती को बरामद करने के लिए पुलिस को छह दिन का समय दिया। छह दिन के बाद भी बरामदगी न होने पर थाने पर धरना प्रर्दशन करने की चेतावनी भी दी। इस संबंध में सीओ बढ़ाना विनय कुमार गौतम ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता को समझते हुए बड़ी गहनता के साथ उक्त मामले में छानबीन कर रही है। इसके लिए पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। ज्ञापन देने वालों में हिंदू जागरण मंच के जिला महामंत्री अंकुर राणा, जिला उपाध्यक्ष राजेश शर्मा एवं अमित बालियान, खतौली नगर अध्यक्ष अनुज भारद्वाज, प्रांत महामंत्री दीपा त्यागी, लता रानी, जिला मंत्री सोनी, जितेंद्र सिंह, गौरव कुमार, रविकांत, सत्यजीत आदि शामिल रहे।