जानसठ। गांव तालड़ा के जंगल में किसान अरुण कुमार उर्फ अटल को अगवा करके 10 लाख रुपये की फिरौती वसूलने वाले बदमाशों का पांच दिन बाद भी पुलिस को सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने सोमवार की शाम किसान के नौकर के पुत्र को भी तीन दिन बाद पूछताछ करके छोड़ दिया है।
गांव तालड़ा निवासी तथा हाल में कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा में रहने वाले किसान अरुण कुमार उर्फ अटल का शुक्रवार सुबह 11 बजे गांव तालड़ा के जंगल में दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने किसान के पुत्र मयंक से दस लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। बताया गया है कि मयंक फिरौती की रकम देने से पहले पुलिस के पास भी पहुंचा था लेकिन पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में नाकाम रही। इसके बाद बताए गए स्थान पर रकम मयंक ने जंगल में पहुंचाई थी, तब शुक्रवार की रात को किसान को छोड़ा गया था।
इस मामले में एसओजी के अलावा पुलिस की कई टीम घटना का खुलासा करने के लिए लगी हुई है। एसओजी टीम ने तालड़ा गांव से लेकर पानीपत खटीमा हाइवे तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला था। पुलिस ने किसान के नौकर के पुत्र सहित कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की थी।
सोमवार की शाम को नौकर के पुत्र को भी पूछताछ कर छोड़ दिया गया है। सीओ यतेंद्र नागर का कहना है कि इस घटना में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।