कलक्ट्रेट में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर केबिल पर गिरने से एनआईसी केंद्र का तमाम सिस्टम फुंक गया। हाईटेंशन का करंट प्रवाहित होने से वीडियो कांफ्रेंसिंग के सभी कंप्यूटर, कैमरे आदि सामान जल गया। एनआईसी केंद्र में करीब 50 लाख की क्षति पहुंची। हाईटेंशन करंट ने पंचायत निर्वाचन कार्यालय के कंप्यूटर सिस्टम को भी अपने चपेट में ले लिया।
करंट का असर सिटी दूरसंचार केंद्र तक पहुंचा, जिससे एक्सचेंज के मुख्य कार्ड फुंकने से विभाग को करीब तीन लाख का नुकसान हुआ। इसी कारण आधे शहर में बुधवार को ब्रॉडबैंड सेवा पूरी दिन ठप रही। एनआईसी में लगी आग की जानकारी शासन को भेज दी गई है। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने भी एनआईसी केंद्र का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
कलक्ट्रेट में डीएम दफ्तर के पीछे एनआईसी केंद्र है, जहां पर वीडियो कांफ्रेंसिंग होती है। साथ ही एनआईसी के पास ही जनपद भर की तमाम जानकारी और विभिन्न डाटा रहता है। यह केंद्र सीधा लखनऊ से जुड़ा है। एनआईसी का इंटरनेट कनेक्शन का केबल कलक्ट्रेट से होकर जा रहा है।
चौधरी चरण सिंह सभागार के सामने से गुजर रहे केबिल पर मंगलवार रात किसी समय अचानक 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर गया, जिससे केबिल के जरिये एनआईसी केंद्र के सिस्टम में हाईटेंशन करंट प्रवाहित होने से तमाम सिस्टम फुंक गया। इसी केंद्र का एक कनेक्शन डीएम कार्यालय के सामने पंचायत एवं निकाय निर्वाचन कार्यालय में भी पहुंच रहा है। हाईटेंशन का करंट वहां तक भी पहुंचा और कार्यालय में रखे दो कंप्यूटर, प्रिंट्र्स, कई बैट्री भी करंट से फुुंक गए।
शॉर्ट सर्किट से कचहरी परिसर की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। सुबह सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टूटे तार को बदला। हाईटेंशन करंट से हुए नुकसान की किसी को जानकारी नहीं थी।
बुधवार सुबह जब एनआईसी केंद्र पर अधिकारी और कर्मचारी पहुंचे तो तमाम सिस्टम फुंका हुआ मिला। जानकारी मिलने पर डीएम ने भी मौका मुआयना किया। जांच करने पर पाया कि हाईटेंशन करंट से वीडियो कैमरे, एलईडी, यूपीएस, सभी छह कंप्यूटर, तीन प्रिंट्र्स, तमाम एक्यूमेंट्स फुंके मिले। जिससे एनआईसी केंद्र पूरी तरह से ठप हो गया। तकनीकि निदेशक एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गौरव त्यागी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण केंद्र में करीब 50 लाख की क्षति हुई है। इस संबंध में राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।
दो माह तक नहीं होगी वीडियो कांफ्रेंसिंग
मुजफ्फरनगर। हाईटेंशन करंट के कारण पूरा एनआईसी केंद्र ठप हो चुका है, इसलिए अब यहां पर वीडियो कांफ्रेंसिंग होनी होगी। एनआईसी के इंचार्ज गौरव त्यागी ने बताया कि तमाम सिस्टम नया लगाना पड़ेेगा, जिसमें करीब दो माह तक का समय लग सकता है। इसके बाद ही यहां पर वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा शुरू हो सकेगी। ------------
सिटी एक्सचेंज में भी दौड़ा करंट
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट में स्थित एनआईसी केेंद्र का संपर्क सिटी दूरभाष एक्सचेंज से भी है। केबिल के जरिए हाईटेंशन का करंट शिवचौक पर स्थित सिटी एक्सचेंज तक पहुंचा। हाईटेंशन करंट ने एक्सचेंज का कार्ड फूंक दिया, जिससे बुधवार को पूरे दिन आधे शहर की ब्रॉडबैड सेवा ठप रही। एसडीओ आदित्य गर्ग ने बताया कि यांत्रिकी खराबी को ठीक कर शाम पांच बजे ब्रॉडबैंड सेवा बहाल कराई गई। करंट प्रवाहित होने से विभाग को करीब तीन लाख की क्षति पहुंची है।