- 20 साल पहले चलती थी कछौली से मुजफ्फरनगर रोडवेज बस
- 19 किलोमीटर लंबे मार्ग पर डग्गामार और ई-रिक्शा का भी नहीं होता संचालन
- 06 गांव के लोगों को निजी वाहनों से ही आना जाना पड़ता है
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहाना। गांव कछौली से मुजफ्फरनगर जाने वाले 19 किलोमीटर लंबे मार्ग पर रोडवेज बस का संचालन लंबे समय से बंद हैं। इस कारण इस मार्ग पर पड़ने वाले छह गांव के लोगों को अपने कार्य के लिये निजी वाहनों से आना जाना पड़ता हैं। रात हो जाए तो भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। इन गांवों के हजारों ग्रामीणों ने रोडवेज बस चलाने की मांग की हैं।
20 वर्ष पूर्व रोडवेज बस का मुजफ्फरनगर से रोहाना होते हुए कछौली तक संचालन होता था। इस मार्ग की दूरी भी लगभग 19 किलोमीटर हैं। रोडवेज बस के संचालन होने से गांव कल्लरपुर, कछौली, जटनगला, बधाई खुर्द, बड़कली, बहेड़ी के ग्रामीणों को लाभ होता था। बसों के बंद होने से इन गांव के लोगों को मुजफ्फरनगर तथा रोहाना गन्ना समिति, गन्ना परिषद, बैंकों, रेलवे स्टेशन व चीनी मिल में आने के लिए भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा हैं।
निजी वाहनों से आ-जा रहे ग्रामीण
रोहाना से कछौली की दूरी लगभग सात किलोमीटर हैं। इस मार्ग पर पड़ने वाले आधा दर्जन गांव के लिये रोडवेज बस तो बंद हैं ही, साथ ही प्राइवेट बस, टेंपो, ई-रिक्शा का भी संचालन नहीं हो रहा हैं। लोगों को अपने वाहनों से ही आना जाना पड़ता हैं।
रोडवेज बस के संचालन से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।- कुलदीप सिंह, प्रधान कल्लरपुर।
------
इस मार्ग पर ग्रामीणों के लिए किसी भी प्रकार की परिवहन सुविधा नहंी हैं।- गद्दीपाल सिंह, कछौली।
रोडवेज के संचालन इस क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद जरूरी हैं। - सहेंद्र चौधरी, प्रधान
रोडवेज बस के संचालन से सरकार की आय बढ़ेगी और यात्रियों को फायदा मिलेगा।- दुष्यंत त्यागी, बहेड़ी।
अभी तक ऐसी कोई सूचना नहीं मिली हैं। सूचना मिलने पर अधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा। -महेंद्र सिंह, एआरएम, रोडवेज।