लापरवाही पड़ सकती है जान पर भारी
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों की लापरवाही गंभीर स्थिति की तरफ ले जा रही है। जैसे-जैसे बाजार व दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है, लोग सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने से दूरियां बना रहे हैं। ऐसे में कब यहां कोरोना गंभीर रूप ले ले, कुछ नहीं कहा जा सकता।
जनपद में कोरोना संक्रमण के आंकड़े बेहद भयावह होते जा रहे हैं। पिछले तीन दिन में 33 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं, जिससे जिले में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा कई दिन से लगातार दो सौ से ऊपर चल रहा है। इन सभी मरीजों का बेगराजपुर स्थित आइसोलेशन केंद्र पर उपचार चल रहा है। जनपद में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़कर 918 तक जा पहुंचा है। वहीं, अब तक जिले में 24 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद जैसे-जैसे कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, जिले के लोग इसके प्रति बेहद लापरवाह होते जा रहे हैं। हर दिन बीतने के साथ लोग न केवल सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना कर रहे हैं, बल्कि अनिवार्य रूप से लगाए जाने वाले मास्क से भी दूरियां बना रहे हैं। आलम यह है कि सड़क पर निकलने वाला लगभग हर दूसरा व्यक्ति मास्क से दूरी बनाए हुए है। प्रशासन इस लापरवाही से सचेत करने के लिए लगातार शहर में नियमित लाउडस्पीकर के जरिये प्रचार करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने व मास्क लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है, लेकिन लोग हैं कि समझने को तैयार नहीं हैं।
वर्जन
- बाजारों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए तीन फीट की दूरी और अन्य नियमों का पालन करना चाहिए। मास्क भी जरूरी है। पुलिस की मदद से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
- अतुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट
भगत सिंह रोड पर सोशल डिस्टेन्स से बेपरवाह भीड़।- फोटो : MUZAFFARNAGAR