मुजफ्फरनगर। बॉलीवुड में अभिनय की अमिट छाप छोड़ चुके अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक बिखेरेंगे। अमेरिकी इंडी प्रोजेक्ट ‘लक्ष्मण लोपेज’ के लिए निर्देशक रॉबर्टो जिरॉल्ट ने उन्हें साइन किया है। फिल्म के लिए नवाजुद्दीन बेहद उत्साहित हैं।
बॉलीवुड की फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर, मांझी, पान सिंह तोमर से इतिहास बना चुके नवाजुद्दीन बुढ़ाना के रहने वाले हैं। कान फिल्म फेस्टिवल में सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल कलाकारों में नवाजुद्दीन भी शामिल किए गए थे। कान में ही उन्हें अमेरिकी इंडी प्रोजेक्ट मिला है। प्रसिद्ध निर्देशक रॉबर्टो जिरॉल्ट ने उन्हें क्रिसमस पर आधारित फिल्म ‘लक्ष्मण लोपेज’ के लिए चुन लिया है। इस साल के अंत में इस फिल्म की अमेरिकी में शूटिंग शुरू होने की उम्मीद है।
फिल्म का नाम सुना तो आकर्षित हो गया
बृहस्पतिवार को नवाज का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। इस बार वह बुढ़ाना में मौजूद नहीं रहेंगे। नवाज ने निर्देशक रॉबर्टो जिरॉल्ट की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म चुनौती होगी। फिल्म के नाम ‘लक्ष्मण लोपेज’ ने मुझे उत्सुक कर दिया है।
कान महोत्सव में नौवीं बार शामिल हुए नवाज
कान महोत्सव के अब तक 75 संस्करण आयोजित हो चुके हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकि इनमें नौंवी बार शामिल हुए हैं।
आज नवाजुद्दीन का 48वां जन्मदिन
बृहस्पतिवार को नवाजुद्दीन सिद्दीकि का 48वां जन्मदिन है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो सालों तक वह बुढ़ाना में ही रहे थे।