एमजी पब्लिक स्कूल में मना नेशनल साइंस डे
मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर भव्य कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर कक्षा आठ से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास और विज्ञान के प्रति उनमें रुचि पैदा करने के लिए प्रतियोगिता कराई गयी। इसके साथ ही बच्चों ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पोस्टर मेकिंग कर अपनी प्रतिभा का सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया।
नोबेल पुरस्कार विजेता सर सीवी रमन के जीवन पर आधारित एक विज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। पीपीटी फार्मेट पर आधारित इस प्रश्नोत्तरी में पूछे गए सवालों का छात्र-छात्राओं ने जवाब दिया। कार्यक्रम में स्कूल डायरेक्टर जीबी पांडेय ने बच्चों को बताया कि वैज्ञानिक रमन प्रभाव की खोज के कारण ही 28 फरवरी को देश भर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। सर सीवी रमन ने इसी दिन 1928 को यह खोज की थी, इसके लिए उनको 1930 में नोबेल पुरस्कार दिया गया था। यह किसी भी भारतीय व एशिया के व्यक्ति द्वारा जीता गया पहला नोबेल था। स्कूल प्रिंसिपल मोनिका गर्ग ने बच्चों को बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति आकर्षित व प्रेरित करना तथा जनसाधारण को विज्ञान एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति सजग बनाना है। विज्ञान के बिना विकास की कल्पना भी हम नहीं कर सकते। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मुख्य विषय ‘फ्यूचर आफ साइंस टेक्नालाजी एंड इनोवेशन’ पर आधारित पोस्टर मेकिंग करते हुए अपनी प्रतिभा को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में स्कूल के विज्ञान विषय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।