सहारनपुर के सरसावा में जाम लगाने और बिना अनुमति सम्मेलन के मामले में 14 साल बाद भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत आज यानी शुक्रवार को अदालत में पेश हुए। वहीं, सुनवाई के दौरान उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। रामपुर मनिहार निवासी वीरेंद्र शास्त्री को भी कोर्ट से जमानत मिल गई है। उधर, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक भी सहारनपुर कोर्ट पहुंचे हैं।
वहीं, नरेश टिकैत ने कोर्ट से बाहर निकलने के बाद कार्यकर्ताओं को जमानत मिलने की जानकारी दी। जिस पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। नरेश टिकैत सुबह ही भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ रोहाना टोल से सहारनपुर के लिए रवाना हुए थे।
नरेश टिकैत को अदालत से मिली जमानत
14 साल पुराने मामले में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शुक्रवार यानी आज जमानत के लिए सहारनपुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम देवांश त्रिपाठी की अदालत में पेश हुए। उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई है। उनके साथ दो गवाह और दो वकील भी साथ थे जबकि, बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता कचहरी परिसर से बाहर थे। एमपी-एमएलए कोर्ट ने भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के वारंट जारी किए थे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को आदेश दिए थे कि नरेश टिकैत को गिरफ्तार कर 24 मई को अदालत में पेश करें।
हम जाम लगाने में नहीं, खुलवाने में रहते हैं : टिकैत
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि गिरफ्तारी की खबर पढ़कर ही उन्हें इस मामले की जानकारी हुई थी। हम जाम लगाने में नहीं, खुलवाने में रहते हैं। सहारनपुर रवाना होने के दौरान रोहाना टोल पर भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि हमें मालूम ही नहीं, हमें कुछ नहीं पता। हमें कुछ नहीं बताया गया। हम तो हमेशा जाम खुलवाने में रहते हैं, लगाने में नहीं। पुलिस-प्रशासन को ऐसा नहीं करना चाहिए। अदालत से भी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया, लेकिन पहले कोई सूचना नहीं दी गई। हमने गिरफ्तारी का समाचार पढ़ा, इसलिए खुद अदालत जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी नहीं समझी। किसानों का विश्वास हमारे साथ है, यही वजह है कि सभी साथ जा रहे हैं। लेकिन सभी कार्यकर्ताओं से कह दिया गया है कि अदालत से दूर रहें।
सहारनपुर के दिल्ली रोड स्थित रंगोली गार्डन पहुंचे भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि हम अदालत का सम्मान करते हैं। अदालत ने जो आदेश दिया उसका पालन कर रहे हैं। भाजपा को लेकर कहा कि जीत-हार तो होती रहती है, लेकिन इस बार भाजपा का विरोध काफी है। लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी है। बाकी चार जून को परिणाम सभी के सामने आ जाएंगे।
बिना अनुमति सम्मेलन और जाम लगाने के मामले में सहारनपुर की अदालत ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। करीब 14 साल पुराने मुकदमे में टिकैत, वर्तमान में कांग्रेस से चुनाव लड़े इमरान मसूद समेत 24 आरोपी हैं। एसीजेएम-तीन (एमपी/एमएलए कोर्ट) सहारनपुर में 24 मई को सुनवाई होगी।