उत्तराखंड से आई टीम को नहीं मिली कोई प्रतिबंधित दवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला परिषद की मार्केट में छापा मारने पहुंची नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम को जांच के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। उत्तराखंड से पहुंची इस टीम को दोनों मेडिकल एजेंसी पर कोई प्रतिबंधित दवा नहीं मिली।
उत्तराखंड से बृहस्पतिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम जिला परिषद की मार्केट में छापा मारा। इसकी सूचना पर औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर पवन कुमार शाक्य भी पहुंच गए। टीम में शामिल इंस्पेक्टर राहुल तोमर और आशु शर्मा के साथ दो अन्य कर्मचारियों ने दो एजेंसी पर जांच पड़ताल की। करीब दो-तीन घंटे तक चली जांच में टीम को कोई भी खामी नहीं मिली है। इसके बाद टीम को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यह टीम उत्तराखंड से आई थी। टीम ने बताया कि रुड़की में राशिद और अनीस नाम के दो व्यक्तियों को कुछ दवाइयों के साथ पकड़ा था। पकड़े गए लोगों ने मुजफ्फरनगर के जिला परिषद की मार्केट से यह दवाइयां खरीदने की बात कही थी। इसके बाद टीम यहां जांच के लिए पहुंची हैं। टीम के पास दोनों व्यक्तियों से पकड़ी गई दवाइयों को कोई भी डाटा नहीं था। ऐसे में वह कौन सी दवाई की जांच करने के लिए आए थे, यह पता नहीं चल सका। हालांकि इस जांच में उन्हें कुछ भी नहीं मिला और लौट गए।