- पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक पहुंचे अनशन पर
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जैन धर्म के विख्यात धार्मिक स्थल सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाए जाने की घोषणा के विरोध में समाज का चौथे दिन भी अनशन जारी रहा। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने जैन समाज के बीच पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
प्रेमपुरी स्थित जैन अतिथि भवन में जैन धर्म अनुयायियों के अनशन को समर्थन देते हुए पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि जैन धर्म अनुयायियों के धार्मिक आस्था स्थल श्री सम्मेद शिखर को पर्यटन केंद्र बनाने की भाजपा की मानसिकता संकीर्ण है। इस निर्णय से भाजपा ने जैन धर्म के साथ विश्वासघात करते हुए धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है। हरेंद्र मलिक ने कहा कि इस मुद्दे पर जैन धर्म के आंदोलनकारी अपनी मांग के लिए जो भी रणनीति तय करेंगे, समाजवादी पार्टी उनके साथ है।
इससे पहले तीसरे दिन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के साथ अन्य सपाइयों ने जैन समाज को अपना समर्थन दिया था। वहीं, जैन समाज का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन ऐसे ही चलता रहेगा। इस मौके पर गौरव जैन, वैभव जैन, राकेश शर्मा, अनिल जैन, मोनिका जैन, अखिलेश जैन, अमित जैन, संजीव जैन, विभोर जैन, वरदान जैन, अभिषेक जैन और स्पर्श जैन मौजूद रहे।