मुजफ्फरनगर। वार्ड तीन के तहत आने वाली साकेत कॉलोनी में पोस्ट ऑफिस के आसपास के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। गंदगी से अटी नालियां और सड़कों पर फैली कीचड़ व गंदे पानी से हालात बेहद खराब हैं। लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। करीब पांच माह से यही स्थिति झेल रहे स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से लेकर नगर पालिका तक से गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने रविवार को एकत्र होकर विरोध जताया।
साकेत कॉलोनी की नालियों का पानी अंसारी रोड के नाले में गिरता है। सीवर लाइन की खोदाई होने के बाद वहां नालियां बंद हो गईं थी। करीब पांच माह हो गए। कॉलोनी की नालियों की जल निकासी बंद हैं। स्थानीय निवासी ब्रह्मप्रकाश का कहना है कि नालियों की सफाई नहीं हुई। कीचड़ अटा पड़ा है। इसके चलते गंदा पानी और कीचड़ सड़क पर फैला रहता है।
चंपा देेवी और योगिता ने बताया कि बदबू के मारे बुरा हाल है। जब भी उन्हें घर से बाहर जाना होता है तो गंदे पानी से होकर गुजरती हैं। वह स्वयं भी नाली साफ कर देती हैं, लेकिन आगे बंद होने के कारण पानी नहीं निकलता। सोनिया और सरिता का कहना है कि कुछ लोगों ने इस ओर आना ही बंद कर दिया है। करीब एक किलोमीटर दूर घूमकर दूसरे रास्ते से जाते हैं। राणदीप एडवोकेट कई प्रार्थना पत्रों की कापी दिखाते हुए कहते हैं कि डीएम से लेकर पालिका चेयरपर्सन तक को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन उनकी समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। रविंद्र गांधी कहते हैं कि पूरे मोहल्ले में गंदगी फैली हुई है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका है। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
मुझे कॉलोनीवालों ने स्थिति से अवगत नहीं कराया। अब मामला संज्ञान में आ गया है। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- अंजू अग्रवाल, चेयरपर्सन, नगर पालिका।