मुजफ्फरनगर ठंड की दस्तक के साथ ही गर्म कपड़ों से बाजार भी सज गए है। बाजार में गरम कपड़ों के एक से बढ़कर एक डिजाइन उपलब्ध है। ग्राहक फर्र आइटम की मांग कर रहे हैं। उधर, इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर गीजर और हीटर की मांग बढ़ गई है।
शहर के झांसी रानी चौक, टाउनहॉल रोड, सदर बाजार और तिब्बतीयन मार्किट में गर्म कपड़ों की बहार है। टाउनहॉल रोड और सदर बाजार में कंबल, रजाई, गर्म कवर, गर्म बेड सीट आदि की खरीदारी की जा रही है। उधर, तिब्बतीयन मार्किट में रेडीमेड कपड़ों की दुकाने लगाई गई।
हालांकि अभी बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए उतनी भीड़ नहीं है, लेकिन दुकानदारों का कहना है कि अगले हफ्ते से उम्मीद है कि ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों का गर्म कपड़ों की खरीदारी करना शुरु हो जाएगा। यहां विभिन्न वैरायटी और रेंज में गर्म कपड़े उपलब्ध है। गरम शर्ट, जरकीन, मफलर, गर्म लोअर, गर्म जीन्स, शॉल, स्टॉल, फैंसी और पार्टीवियर शॉल के साथ-साथ बच्चों के सुंदर आइटम है।
कंबल और रजाई की बढ़ी मांग
व्यापारी उज्जवल मित्तल ने बताया कि इस बार रजाई और कंबल का माल अमृतसर, पानीपत और लुधियाना से आया है। उन्होंने कहा कि पहले के मुताबिक रेट में 15-20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इससे व्यापार पर भी असर पड़ा है। दाम ज्यादा होने के कारण लोगों को खरीदारी करने में परेशानी हो रही है।
रेडीमेड पर बढ़े दाम
रेडीमेड दुकानदार अनिल तायल ने बताया कि बच्चों के कपड़ों पर भी रेट बढ़े है। रेडिमेड कपड़ों पर 25-30 प्रतिशत की बढोतरी हुई है। हालांकि इस बार अलग-अलग वेरायटी और रेंज के आइटम आए है। फ्रॉक, सूट, हेरिंग वूल जैसे आइटम दुकानों पर उपलब्ध है। फिलहाल तो बाजार में मंदा है, लेकिन आगे उम्मीद है कि ग्राहकी बढ़ेगी।
गीजर और हीटर
इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के मालिक अभिषेक गोयल का कहना है कि गीजर और हीटर की डिमांड बढ़ने लगी है। कंपनियों ने कई टेक्नॉलोजी के साथ गीजर और हीटर निकाले है। 1200 से 8000 रुपये तक के हीटर बाजार में उपलब्ध है। जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी वैसे ही और भी ज्यादा गीजर और हीटर की मांग बढ़ने लगेगी।