गाजियाबाद के भोजपुर से शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। कांवड़ियों ने एक घंटे तक हाईवे पर हंगामा किया और जाम लगाने का प्रयास किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली-दून हाईवे किनारे खड़ी कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे पांच कांवड़िया घायल हो गए। इसके बाद कांवड़ियों ने नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग कर लगभग एक घंटे तक हंगामा किया। हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें समझा कर घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
विज्ञापन
गाजियाबाद के थाना भोजपुर के गांव हृदयपुर भंडूरा निवासी कांवड़िया ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह चार बजे नई मंडी कोतवाली में बिलासपुर कट के सामने एक होटल पर रुक गए। पांच कांवड़िया रजत, अजय, कुलदीप, जय प्रकाश व मुस्लिम भोला फरदीन ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे रहे। अन्य सभी होटल पर चाय पीने चले गए।
इसी दौरान मेरठ की तरफ से तेज गति से आए आए एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे कांवड़िया घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर होटल पर मौजूद कांवड़िया मौके पर पहुंचे। वहीं चालक ट्रक को छोड़ कर भाग गया। शिवभक्तों ने नुकसान की भरपाई कराने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।
पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने आश्वासन दिया। इसके बाद कांवड़िया शांत हुए। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को रेफर कर दिया, उन्हें मोदीनगर में उपचार दिलाया जा रहा है। उधर, हादसे के बाद सभी कांवड़िया वापस अपने घर चले गए। हादसे के बारे में तहरीर नहीं आई है। सीओ नई मंडी रुपाली रॉय ने बताया कि ट्रक व चालक को हिरासत में ले लिया है।
काफी देर बाद पहुंची पुलिस
कांवड़ियों का कहना था कि हादसा होने के बाद डायल 112 पर सूचना दी थी। इसके बाद भी पुलिस काफी देर से पहुंची। हंगामा कर रहे कांवड़ियों ने नाराजगी जताई। शिवभक्तों का कहना था कि हाईवे पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं।