बिलासपुर कट से होकर जाने वाले विभिन्न गांवों के लिए अब वाहन चालक सीधे नहीं जा सकेंगे। वाहन चालकों को काफी घूमकर जाना पड़ेगा। प्रशासन ने बिलासपुर कट को हादसों के मद्देनजर बंद करते हुए अस्थायी तौर पर रूट डायवर्ट किया है। सभी वाहन भोपा व जानसठ पुल के पास से होकर जाएंगे। वाहन चालक इस मार्ग को बिजनौर जाने के लिए बाईपास के रूप में प्रयोग करते थे।
दिल्ली-दून हाईवे पर बिलासपुर कट पर आए दिन होने वाले हादसों के मद्देनजर लोग इस कट को खूनी कट कहने लगे थे। ग्रामीणों ने यहां के हालात देखते हुए यहां फलाई ओवर बनाने की मांग उठाई थी। आज तक उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी। वैसे कुछ समय पहले राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने यहां उनके प्रयास से पुल बनना पास होना बताया गया था।
स्थिति सभी के सामने है। पुल बनने की प्रक्रिया दूर तक दिखाई नहीं दे रही है। हादसों पर लगाम लगाने के लिए सड़क सुरक्षा समिति ने बिलासपुर कट को डिवाइडर लगाकर बंद करा दिया है। हाईवे पर हादसों के मद्देनजर बनाए गए ब्लैक स्पॉट में बिलासपुर कट का भी नाम है।
इधर से आएंगे-जाएंगे वाहन
शहर से बिलासपुर व अन्य गांव जाने वाले वाहन सवार लोगों को भोपा पुल के पास से होकर जाना होगा। बिलासपुर की तरफ से आने वाले जानसठ पुल के पास से होकर आएंगे। शहर से जाने वालों को डेढ़ किलोमीटर व आने वालों को आधा किलोमीटर ज्यादा सफर करना होगा।
इस साल हुए यह मुख्य हादसे-
26 फरवरी : हरिद्वार निवासी पैदल जा रहे सुनील को बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह घायल हो गया था। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
19 मार्च : चरथावल निवासी कंवलजीत की बाइक में ट्रक ने टक्कर मारी थी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी।
24 जून : तेज गति से आया डस्ट से लदा ओवरलोड डंपर गन्ने का जूस पी रहे लोगों के ऊपर पलट गया था। इस हादसे में सिखेड़ा के गांव बेहड़ा अस्सा निवासी सचिन व अभिनव की मौत, मां-बेटी सहित आठ राहगीर घायल हुए थे।
27 जून : सिखेड़ा थाने के गांव धंधेड़ा निवासी बाइक सवार मैनूदीन की मौत हो गई थी, उसकी पत्नी रुकसाना घायल हुई थी। यह दोनों गांव से डॉक्टर के यहां आ रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया।
- अगस्त 2024 में सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र निवासी पुलिसकर्मी दंपती सुधीर और सोनिया दंपती की चौराहे के पास खड़े होने के दौरान ट्रक से कुचल कर मौत हो गई थी।
इस मार्ग पर यह पड़ते हैं गांव
कूकड़ा, बिलासपुर, धंधेड़ा, सिकरेड़ा, भंडूर, मिर्जा टिल्ला, जौली, तेवड़ा, तिस्सा, खोकनी, निवादा, बेहड़ा सादात, दरियापुर, कैड़ी निजामपुर, गंगदासपुर, कासमपुर खोला, बीआइटी।
बिजनौर जाने का बाईपास
मुजफ्फरनगर से चल कर बिलासपुर कट से होकर एक दर्जन गांवों से होते हुए यह मार्ग बिजनौर पहुंचता है, जिस कारण मुजफ्फरनगर से बिजनौर जाने वाले छोटे-बड़े वाहन चालक इस मार्ग को बाईपास के रूप में भी प्रयोग करते हैं।
सड़क किनारे खड़े वाहन हटवाए
बिलासपुर कट को डिवाइडर लगाकर बंद कर दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने इस क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े किए जाने वाले वाहनों पर भी सख्ती बरती है। शनिवार को यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को हटवा दिया।
इन्होंने कहा
सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एआरटीओ प्रवर्तन सुशील मिश्रा ने बताया कि इस कट से लोेग अपने वाहनों पर तेज गति से गुजरते हैं। इसी कारण हादसे होते हैं। कट को फिलहाल अस्थाई तौर पर बंद किया गया है। कट बंद होने से पड़ने वाले प्रभाव को देखने के बाद निर्णय लिया जाएगा