फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्द हवा बढ़ा रही ठिठुरन, कांप रहे लोग

विज्ञापन
ठुठरन भरी सर्दी में बालक को गर्म कपेड में लपेटकर गंतव्य को जाती महिला। - फोटो : MUZAFFARNAGAR
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। जिले में सर्दी कहर ढहा रही है। दो दिन से तो सूरज नहीं निकला। सुबह घने कोहरे के बाद दिन भर शीतलहर का प्रकोप रहा। लोग ठंड के चले घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। अधिकतम तापमान गिरकर 12.6 डिग्री पर आ गया है जबकि न्यूनतम 8.6 डिग्री रहा।
विज्ञापन

करीब एक सप्ताह से जिले में जबर्दस्त ठंड पड़ रही है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हुई बारिश के बाद सर्दी में और ज्यादा इजाफा हो गया। बीते दो दिन से तो सर्दी ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। दो दिन से सूरज नहीं निकला और शीतलहर लगातार जारी है। मंगलवार को सुबह कोहरे और ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। स्कूल-कॉलेजों में अवकाश के छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक घरों से बाहर नहीं निकले। इसके बाद शीतलहर चलने लगी। दिन भर शीतलहर के चलते लोग कंपकंपा उठे। शाम होते ही लोग एक बार फिर अपने घरों में कैद हो गए। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी का दिन होने के कारण बाजार में कुछ दुकानें ही खुलीं। ये दुकानें भी शाम को जल्दी बंद हो गईं और सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
उधर, मीरापुर में शीतलहर के चलते नगर पंचायत की ओर से अलाव जलाने का कार्य शुरू हो गया। ईओ अनूप राय ने बताया कि दो दिनों में कस्बे के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव जला दिए जाएंगे। कुछ स्थानों पर सोमवार को भी अलाव जलाये गये थे। उधर, शीत लहर के चलते बाजार से रौनक गायब है। वहीं, शाहपुर कस्बे व देहात में नगर पंचायत द्वारा आधा दर्जन स्थानों पर अलाव जलवाये जा रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने बताया कि कस्बे में बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरा बनाया गया है। यदि जरूरत पड़ी तो और स्थानों पर अलाव जलाए जाएंगे।
विज्ञापन

सड़कों पर घूमने वालों को अलाव का सहारा
मुजफ्फरनगर। सड़कों पर घूमने वाले रिक्शा चालक, ठेले वालों एवं फड़ लगाने वालों के लिए सर्दी से बचने के लिए अलाव ही बड़ा सहारा बन रहा है। नगर पालिका ने शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित सेल्टर होम में रात आठ बजे 49 लोग ठहरे हुए थे, जबकि साईं मंदिर के पास बने आश्रय स्थल में भी कई लोग रुके हुए थे। जिला अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल में भी तीमारदारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
विंटर डायरिया की चपेट में आ सकते हैं बच्चे
मुजफ्फरनगर। कड़ाके की सर्दी स्वास्थ्य पर भी भारी पड़ सकती है। बच्चों, बुजुुर्गों, हृदय एवं श्वांस रोगियों को सर्दी से नुकसान हो सकता है। जिला अस्पताल में फिजिशियन डॉ. योगेंद्र त्रिखा का कहना है कि ऐसी सर्दी में सुबह घूमने से परहेज करना चाहिए। बुजुर्गों और हृदय रोगियों के लिए ज्यादा ठंड घातक हो सकती है। सर्दी में गुनगुने पानी का सेवन करें। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं रखें तथा उन्हें खुले में घूमने न दें।
विज्ञापन

- गर्म कपड़ों में ही घर से बाहर निकलना चाहिए।
- दिल के मरीज सूरज निकलने के बाद ही घूमने जाएं तो बेहतर है।
- घर से बाहर निकलने पर सिर, कान, नाक, गला आदि अच्छे तरीके से ढक लें।
- खुले में अलाव तापने से बचें, कमरे को हीटर या ब्लोअर आदि से गर्म रखें।
- चिकनाई वाले तैलीय या घी युक्त भोजन के सेवन से बचें।
- दिनभर पानी का सेवन करते रहें।
- खाली पेट न रहें, नशा करने से बचें।
- रक्तचाप और मधुमेह की जांच कराएं, इसे नियंत्रित करने की नियमित दवा लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें