नागरिक संशोधन बिल के मद्देनजर नगर में पैदल मार्च करते प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिसकर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानूज को लेकर देश भर में जारी बवाल के मद्देनजर जनपद पुलिस और अधिक अलर्ट हो गई है। अवकाश पर गए हुए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर बुला लिया गया है, वहीं शहर के हर चौराहे खासकर संवेदनशील प्वाइंट्स पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें भी आयोजित कर लोगों को अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजरें रखते हुए सभी व्हाट्सएप ग्रुपों के साथ ही फेसबुक पर भी नजर रखी जा रही हैं। किसी भी अवांछित या अपुष्ट खबर को लाइक या शेयर करने पर कड़ी कार्रवाई की हिदायतें दी जा रहीं हैं। वहीं, डीएम-एसएसपी द्वारा लगातार शहर में भ्रमण करने के साथ ही जिला परिषद सभागार में बैठकों का आयोजन कर सीएबी से संबंधित जानकारियां दी जा रहीं हैं।
एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देश पर जनपद के सभी थानों के उन सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर वापस बुला लिया गया है, जो अवकाश पर गए हुए थे। मंगलवार सुबह से ही शहर के सभी प्रमुख चौराहों के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। संदिग्ध लोगों की तलाशी लेते हुए उन्हें चेक किया जा रहा है। उधर, सभी थाना क्षेत्रों में लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और सीएबी को लेकर भड़काऊ व आपत्तिजनक मैसेज या भाषणबाजी न करने की अपील की जा रही है। युवाओं से भी विरोध प्रदर्शन से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है।
रात में भी निकाला गया फ्लैगमार्च
मुजफ्फरनगर। देर रात एक बार फिर शहर भर में डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव के नेतृत्व में फोर्स का फ्लैगमार्च निकाला गया। फ्लैगमार्च शहर के शिवचौक से शुरू होकर शामली स्टैंड, खादरवाला, फक्करशाह चौक, खालापार, मीनाक्षी चौक से होते हुए रूड़की रोड, कच्ची सड़क से होते हुए सरवट व मदीना चौक तक पहुंचा। इस दौरान सभी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील के साथ ही उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि जनपद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शांति समिति की बैठकें लेने के साथ ही लोगों को खासकर युवा वर्ग को किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने भड़काऊ मैसेज पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी को भी शांति व्यवस्था से खिलवाड़ की अनुमति नहीं दी जाएगी।