तितावी में भाकियू कार्यकर्ताओं ने तितावी शुगर पर अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने मिल प्रशासन पर बाहर से गन्ना खरीदने का आरोप लगाया। लोगों ने मिल के जीएम गन्न केन को बंधक बनाकर धरने पर बैठा लिया। इसके बाद मिल के बाहर जाम लगाकर नारेबाजी की। पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि मिल से किसानों की बहुत ही कम पर्ची आ रही है। मिल प्रशासन बाहर से गन्ना खरीद रहा है, जबकि सेंटरों से गन्ना नहीं उठाया जा रहा है। किसानों की मांग थी कि समिति दोबारा से सर्वे करके अनुबंधक कराया जाए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने गन्ना केन जीएम नागेंद्र सिंह को बंधक बनाकर धरने पर बैठा लिया।
घंटों तक वार्ता की गई, लेकिन कोई बात नहीं। इस पर भाकियू कार्यकर्ता और किसानों ने मिल के बाहर जाम लगा दिया। जीएम ने किसानों से कहा कि ओवरलोड नहीं कटेगा। बेसिक कोटे से अधिक गन्ना है, लेकिन किसान का एक-एक गन्ना जब तक पेराई नहीं होता है शुगर चालू रखी जाएगी।
ततावी थानाध्यक्ष सूबे सिंह ने बामुश्किल किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब आधा घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। धरने की अध्यक्षता मास्टर सिखचंद तथा संचालन अमरजीत ने किया। रहान खां, सुदेश पवांर, मोहतरम, अमरनाथ शर्मा, महताब, चीनू, सन्नी प्रधान, नसीम, पिंकू, धीरज लटियान, विकास सैनी, अली हैदर, नदीम, कालूमान, कृष्णपाल, भगत सिंह, रोहन, कंवरपाल, सर्वेश त्यागी, ताजीम अंसारी आदि मौजूद रहे।
डीएम का मोरना शुगर मिल का किया निरीक्षण
मोरना। डीएम राजीव शर्मा ने मोरना शुगर मिल का औचक निरीक्षण कर मिल के अंदर ओर परिसर में फैली गंदगी को दूर करने के निर्देश दिए। बुधवार शाम को डीएम अचानक मोरना मिल के निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने मिल प्लांट, चीनी मिल गोदाम, स्क्रैप, बेगास प्लांट, शीरा प्लांट, ईटीपी प्लांट सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण कर मिल प्रधान प्रबंधक प्रबुद्ध चौबे से तकनीकी की जानकारी के बारे में पूछताछ की।
डीएम ने मिल में और अधिक सफाई पर ध्यान देने सहित मिल परिसर में पड़े स्क्रैप के निस्तारण के लिए एमएसटीसी से तुरंत बात करने के लिए कहा। जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए बने इटीपी प्लांट का निरीक्षण कर गहनता से जल के मानक के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने बताया कि मिल के विस्तारीकरण के कार्य में और तेजी लाई जाएगी तथा शीघ्र प्रबंधक के बारे में उच्च अधिकारियों से संपर्क कर शीरा निस्तारण के प्रयास किये जाएंगे। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके प्रयास जारी है। इस मौके पर मुख्य लेखाकार हर्षवर्धन, चीफ इंजीनियर एसएस सिंह, चीफ केमिस्ट एसके सिंह, सीसीओ राजकुमार सिरोही, अवधेश कुमार, घनश्याम पांडेय आदि मौजूद रहे।