मुजफ्फरनगर। कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता रंजन मित्तल पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ वकीलों ने डीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर मित्तल पर दर्ज किए मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई।
निवर्तमान डीएम जीएस प्रियदर्शी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने 31 जनवरी को नई मंडी निवासी अधिवक्ता रंजन मित्तल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। जिससे अधिवक्ताओं ने आक्रोश है। इसके विरोध में हाई कोर्ट बैच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उप्र ने मंगलवार को हड़ताल करने की घोषणा की थी। मंगलवार को पश्चिमी उप्र के सभी जिलों के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। यहां पर भी सिविल बार एसोसिएशन और जिला बार संघ के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। दोपहर को दोनों बार के पदाधिकारियों ने डीएम राजीव शर्मा को सीएम के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें रंजन मित्तल से उक्त मुकदमा वापस लेने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सिविल बार के अध्यक्ष विजय कुमार त्यागी, महासचिव सुगंध जैन, जिला बार संघ के अध्यक्ष ठाकुर अनूप सिंह, महासचिव भारतवीर सिंह, तेगबहादुर सैनी, योगेंद्र मित्तल, मनोज शर्मा, अजयपाल चौहान, यशपाल राठौर, जितेंद्रपाल सिंह, संदीप त्यागी, राजगुरु, उमेश सिंघल, सुनील मित्तल आदि शामिल रहे।