तितावी पुलिस की गिरफ्त में फाइनेंसर से हुई लूट का आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट का खुलासा करते हुए एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। उससे लूट की रकम, तमंचा और बाइक बरामद की है।
एसपी देहात नेपाल सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि नौ जुलाई को जसोई-धौलरा मोड़ के पास बदमाशों ने भारत फाइनेंसर शुभम पाहुजा पुत्र सतपाल निवासी नुमाइश कैंप मुजफ्फरनगर से 80 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूूटा था। तितावी एसओ को शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक धौलरा बस अड्डे के पास घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए बाइक सवार को दबोच लिया। पूछताछ करते हुए उसने अपना नाम हसीन पुत्र शरीफ निवासी ग्राम बिहारी थाना सिखेड़ा बताया। उसने साथियों के साथ जसोई मोड़ पर लूट करना भी स्वीकार किया। वह कपड़े की फेरी लगाता है। उसकी मुलाकात बागपत के गांव असारा निवासी रिजवान से हुई थी। रिजवान ने हसीन को बताया कि जसोई के कुछ लड़के फाइनेंस इकट्ठा करने का काम करते हैं। जिन्हें लूटने की योजना बनाई गई थी। नौ जुलाई को हसीन, रिजवान व एक अन्य अज्ञात युवक बाइक से धौलरा मोड़ के पास आ गए और दोपहर में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से तमंचों के बल पर नोटों से भरा थैला लूट कर फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि लुटेरों ने लूट की रकम का बंटवारा कर लिया था। हसीन के हिस्से में भी 25000 रुपये व लूटा गया मोबाइल आया था। पुलिस ने हसीन के पास से लूटे गए 20500 रुपये, बिना नंबर की बाइक, तमंचा और लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। जबकि उसके फरार साथी रिजवान व एक अन्य की तलाश शुरू कर दी।