चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क कर वोट मांगे। शहर सीट के चारों प्रमुख प्रत्याशियों ने अलग-अलग रोड शो निकाल कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। प्रत्याशियों के रोड शो के कारण शहर की यातायात व्यवस्था चरमराती नजर आई। जाम से नगर की जनता हलकान रही।
शहर में सुबह के समय सबसे पहले सदर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी राकेश शर्मा ने महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से समर्थकों के जत्थे के साथ अपना रोड शो शुरू किया। यहां से महावीर चौक, आर्य समाज रोड, खालापार, प्रेमपुरी, ईदगाह, शामली रोड, आबकारी रोड, अंसारी रोड, टाउनहाल रोड सदर बाजार, कोर्ट रोड प्रकाश चौक होते हुए वापस महावीर चौक पर बसपा कार्यालय पर पहुंचे। उनके आगे पीछे बाइकों और अन्य वाहनों पर बसपा के नीले झंडे लिये समर्थकों की भीड़ चल रही थी।
भाजपा प्रत्याशी कपिलदेव अग्रवाल ने भी महावीर चौक स्थित अपने चुनाव कार्यालय से रोड शो निकाला। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में हजारों युवाओं की भीड़ सवेरे से बाइकों पर सवार होकर शहर में घूमती नजर आई। बाइक सवार ये युवक दोपहर के समय सरकुलर रोड पर जीआईसी मैदान में एकत्र हुए। यहां भाजपा प्रत्याशी की जीत के समर्थन में नारे लगाए जाते रहे। महावीर चौक से भाजपा प्रत्याशी कपिलदेव ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो शुरू किया।
उन्होंने बाजारों में दुकानदारों से भाजपा के समर्थन में वोट करने की अपील की। सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप ने भी प्रचार के अंतिम दिन नईमंडी क्षेत्र में रोड शो किया। यहां पर उन्होंने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर वोट मांगे। सपा प्रत्याशी स्वरूप ने दोपहर के समय कचहरी पहुंचकर भ्रमण किया और अधिवक्ताओं से सपा की जीत के लिए वोटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच साल तक विकास को ही प्राथमिकता दी गई हैं। अधिवक्ताओं के हितों को लेकर भी सरकार ने अनेक कार्य किए।
सदर सीट से ही रालोद प्रत्याशी पायल माहेश्वरी ने भी प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने नई मंडी से शहर तक रोड शो किया। वहीं डोर-टू-डोर जनसंपर्क करते हुए मतदाताओं से 11 फरवरी को नल के निशान के सामने बटन दबाकर वोट देने की अपील भी की। इससे पहले पायल माहेश्वरी ने कई गांवों में दौरा किया और ग्रामीणों को रालोद की नीतियों से अवगत कराते हुए मतदान कर जिताने की अपील की। प्रत्याशियों के रोड शो के कारण शहर में जाम की स्थिति रही। आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।