फुगाना गांव में दंगे के दौरान डकैती और आगजनी के 13 साल पुराने मुकदमे की तीन अलग-अलग पत्रावलियों में 15 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया गया। सभी गवाह पक्षद्रोही हो गए। सोमवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम की पीठासीन अधिकारी ज्योसना सिवाच ने फैसला सुनाया।
सात सितंबर 2013 को नंगला मंदौड़ की पंचायत से लौटते लोगों पर हमले के बाद दंगा भड़क गया था। थाना एवं गांव फुगाना के मजदूर सलीम ने कांधला और उसके दो भाइयों ने लोई एवं कैराना शिविर में अलग-अलग तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही हमलावरों ने उनके घर में लूटपाट और आगजनी की। परिवार के ऊपर भी हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में 21 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एसआईटी की जांच के बाद मामले में 16 आरोपियों के खिलाफ तीन आरोपपत्र दाखिल किए गए।
अदालत में तीनों पत्रावलियों पर एक साथ सुनवाई हुई। ट्रायल के दौरान आरोपी राजकुमार की मौत हो गई। सोमवार को एफटीसी कोर्ट संख्या-1 में फैसले पर सुनवाई हुई, जिसमें साक्ष्य के अभाव में 15 आरोपी दोषमुक्त करार दिया गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता सोराज मलिक और राहुल चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य साबित नहीं हुए।
ये आरोपी हुए दोषमुक्त
फुगाना गांव निवासी गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव, रतन सिंह, नरेन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोंटी, विकास, योगेश पुत्र भूषण, विनोद, पंकज शर्मा, जितेंद्र और रॉकी को दोषमुक्त करार दिया गया है।
जनप्रतिनिधियों से वापस हो गए थे केस
मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान नंगला मंदौड़ पंचायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा उल्लंघन के केस में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, सपा सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व मंत्री सुरेश राणा समेत 25 आरोपियों से शासन के आदेश पर केस वापस हो चुके हैं। नंगला मंदौड़ इंटर कॉलेज के मैदान पर 31 जुलाई 2013 को हुई पंचायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धारा में तत्कालीन एसओ सिखेड़ा चरण सिंह यादव ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शासन के आदेश पर यह केस वापस हो गए।
ये था मामला
गांव कवाल में 26 अगस्त 2013 को मलिकपुरा निवासी गौरव और कवाल निवासी शाहनवाज के बीच बाइक साइकिल से टकराने पर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद में अगले दिन शाहनवाज से गौरव, उसके ममेरे भाई सचिन की मारपीट हो गई, जिसमें गौरव व सचिन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद घायल शाहनवाज ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया था। 28 अगस्त को सचिन और गौरव के अंतिम संस्कार से लौट रही भीड़ ने कवाल में पथराव और आगजनी कर दी थी। इस मामले में 30 अगस्त को शहर के खालापार में जुमे की नमाज के बाद दूसरे समुदाय की भीड़ ने डीएम और एसएसपी को ज्ञापन दिया था तो दूसरे पक्ष ने सचिन और गौरव की हत्या के मामले में कार्रवाई के लिए 31 अगस्त को नगला मंदौड़ में पंचायत बुला ली गई थी। सात सितंबर को फिर से इस मामले में नगला मंदौड़ में पंचायत हुई। पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले के बाद जिले में दंगा भड़क गया था। कवाल कांड के सात आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी।
इस मामले में गई थी विक्रम सैनी की सदस्यता
कवाल कांड के बाद 29 अगस्त 2013 को कवाल गांव में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। हिंसा और आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने तब पूर्व प्रधान के पति विक्रम सैनी समेत 28 लोगों के खिलाफ सिखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। प्रकरण की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट में हुई थी, जिसमें विधायक समेत 12 आरोपियों को धमकी देने के मामले में दो साल की सजा और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। धारा 148 में दो साल की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया था। सजा के बाद खतौली विधायक सैनी की सदस्यता चली गई थी।
- दंगे में कुल 510 प्राथमिकी दर्ज हुई।
- 175 मामलों में आरोपपत्र दाखिल।
- 65 लोगों को गंवानी पड़ी थी जान।
- 50 हजार लोग चले गए थे शिविरों में।
- 165 मामलों में लगी फाइनल रिपोर्ट।
- 126 मामलों में फैसल आ चुका है।
ये भी देखें...
सहारनपुर: 100 साल पुरानी मस्जिद गिराने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट जाने को कहा; ये बोले सीजेआई