रोजगार और विकास के जरिए युवाओं को साधने की कोशिश
विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष बेरोजगारी को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में एनडीए ने पश्चिम उत्तर प्रदेश से ही इसका जवाब देने की रणनीति बनाई है। नुमाइश मैदान में आयोजित होने वाले वृहद रोजगार मेले में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल समेत कई जिलों के युवा हिस्सा लेंगे। रोजगार मेले में 21 सेक्टरों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर होगा, जहां उन्हें रोजगार के नए मौके मिलेंगे।
951 करोड़ की 423 परियोजनाओं का लोकार्पण
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि महर्षि शुकदेव की पावन तपोभूमि मुजफ्फरनगर विकास और विश्वास के नए अध्याय की साक्षी बनने जा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार इस अवसर पर 951 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 423 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।
युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी और उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार राज्य के समग्र विकास और युवाओं के सशक्त भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।