मंगलवार को हरिद्वार की तरफ से तेज गति से आए डंपर को चालक ने कट के पास बिलासपुर गांव की तरफ घुमा दिया। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी से डंपर की टक्कर हो गई। सड़क पर खडे़ लोग डंपर की चपेट में आ गए। चार बाइक दब गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। नई मंडी कोतवाली पुलिस के साथ सीओ रुपाली रॉय भी मौके पर पहुंचीं। तीन हाइड्रा व एक जेसीबी मंगाई गई।
बाइक सहित डंपर के नीचे दबे सिखेडा थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा अस्सा निवासी सचिन, अभिनव उर्फ छोटू और मोंटी को बामुश्किल निकाला गया। सभी घायल अस्पताल भेजे गए। सचिन की जिला अस्पताल व अभिनव की मेरठ अस्पताल में मौत हो गई।
हादसे में शामली के चौसाना चौकी के गांव खेडकी निवासी वंश, हिमांशु, ककरौली के गांव खरपौड़ निवासी सुभलेष व उसका बेटा विकास, एकता विहार मुजफ्फरनगर निवासी राजवीर, बिलासपुर नई मंडी निवासी राहुल व मखियाली निवासी बाबूराम शर्मा घायल हुए हैं।