महिला नेता का खाता खुलवाकर दो लाख रुपये हड़पे
मुजफ्फरनगर। कंबलवाला बाग निवासी महिला नेता से एक निजी कंपनी में खाता खुलवाकर कुछ लोगों ने दो लाख रुपये हड़प लिए। पीड़िता ने महिला समेत आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कंबलवाला बाग निवासी अनुराधा शर्मा पत्नी संतोष शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि वह एक राजनीतिक पार्टी में महिला प्रकोष्ठ प्रभारी हैं। उसके परिचित प्रवीण शर्मा, निवासी मोहल्ला कृष्णापुरी के साथ ही सुनील कुमार, मोनू सौदाई, अजय सौदाई, सोनू सौदाई, रूपक पुत्र जयसिंह, कमलेश पत्नी मुकेश व एक अन्य सभी निवासी अलमासपुर व चौधरी चरण सिंह कॉलोनी ने उसका निजी कंपनी शुभकामिनी जनकल्याण निधि प्राइवेट लिमिटेड में खाता खुलवाया था। इसमें उससे तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रुपये जमा कराए गए, जिसमें उसे दो लाख रुपये का भुगतान मिलना था। आरोप है कि कॉपी का समय पूरा होने के बाद उसे किसी तरह का भुगतान नहीं दिया गया। रुपयों का तकादा करने पर उसे टालमटोल की जाने लगी। पीड़िता ने आरोपियों पर साजिश के तहत उसके धन का गबन कर लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।