जानसठ । खतौली व जानसठ मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मेरठ के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह खतौली क्षेत्र के गांव चंदसीना निवासी 21 वर्षीय रिजवान पुत्र जमील अहमद बाइक से जानसठ में रिश्तेदारी में आ रहा था। खतौली व जानसठ मार्ग पर स्थित गांव बसायच पुलिया के पास तेजी से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया युवक के पैर के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने घायल को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने युवक को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के एक हॉस्पिटल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया था। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।