सहारनपुर के देवबंद में रेलमार्ग ब्लॉक किए जाने से दिल्ली-सहारनपुर रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। हरिद्वार पैसेंजर, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, जनशताब्दी और शालीमार एक्सप्रेस को अलग-अलग स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक रोकना पड़ा। जन शताब्दी में सवार यात्रियों ने बामनहेड़ी स्टेशन पर हंगामा किया। इस दौरान एक यात्री की हालत खराब हो गई।
रेल लाइन पर कार्य करने के लिए देवबंद में बुधवार रात आठ बजे तक के लिए ब्लॉक लिया गया था। दिन के समय अधिकतर ट्रेनें रद्द कर दी गईं। रात के समय दिल्ली से ट्रेनों का आना शुरू हो गया, लेकिन रेलमार्ग दुरुस्त नहीं होने के कारण ब्लॉक पहले रात 10 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया। अलग-अलग समय पर हरिद्वार पैसेंजर को मंसूरपुर के पास नरा जड़ौदा, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को खतौली, जन शताब्दी को बामनहेड़ी और शालीमार एक्सप्रेस को मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
वहीं ट्रेनों के पहिए थमे तो यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। तीन से साढ़े तीन घंटे तक ट्रेन स्टेशनों पर खड़ी रही। देर रात करीब साढ़े 11 बजे शालीमार एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर से रवाना हुई। जन शताब्दी में एसएससी सीजीएल की परीक्षा देने देहरादून जा रहे परीक्षार्थी सवार थे। ट्रेन लेट होने से परीक्षार्थियों ने भी हंगामा किया।