मुजफ्फरनगर जनपद में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में दो आरोपियों को तीन साल कारावास और पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-5 विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट बाबूराम ने फैसला सुनाया।
विज्ञापन
डीजीसी राजीव शर्मा ने बताया कि शहर कोतवाली में छह अक्तूबर 2018 को शाहदरा के ज्योति नगर निवासी नरेंद्र शर्मा उर्फ मामा, शामली के खेड़ी करमू निवासी आबिद और नीशू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने प्रकरण में आरोप पत्र दाखिल किया। प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-5 विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट में हुई। सोमवार को अभियुक्त आबिद और नरेंद्र शर्मा ने जुर्म स्वीकार करते हुए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया।
अदालत ने दोनों अभियुक्तों को अदालत में बिताई गई अवधि तीन वर्ष पांच माह के कारावास और पांच-पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। तीसरे अभियुक्त नीशू की फाइल अलग की गई है।
इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट में बुढ़ाना के लतीफ को दो साल की सजा सुनाई गई है। अभियुक्त ने खुद को बुजुर्ग बताते हुए अदालत में जुर्म स्वीकार करते हुए प्रार्थनापत्र दिया था।