डॉ. सुभाष बालियान की एमआरआई मशीन सील।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग में बिना पंजीकरण कराए ही रेलवे रोड पर संचालित डॉ. सुभाष बालियान की एमआरआई जांच मशीन को सील कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार और एसीएमओ डॉ. प्रशांत कुमार के साथ पहुंची प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन संचालक पंजीकरण पत्र नहीं दिखा सके।
रेलवे रोड स्थित इमेजिन सेंटर पर महिला मरीज शीजा खानम ने एमआरआई जांच कराई थी। रिपोर्ट में गड़बड़ी का अंदेशा होने पर महिला के पति गुलजार बेग ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने बताया कि मंगलवार को सेंटर पर छापा मारा गया। सेंटर संचालक डॉ. सुभाष बालियान से केंद्र संचालन की अनुमति व वैध लाइसेंस दिखाने के लिए कहा गया।
एसीएमओ डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड एवं सिटी स्कैन सेंटर संचालन का तो लाइसेंस दिखाया, लेकिन वह एमआरआई केंद्र संचालन का लाइसेंस नहीं दिखा सके। जिस पर एमआरआई मशीन को सील कर दिया गया। संचालक ने कार्रवाई को गलत बताया है।
ये था मामला
पीड़िता के पति गुलजार बेग ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि चिकित्सक ने उसे फर्जी एमआरआई रिपोर्ट दी है। जांच रिपोर्ट में उसकी दाईं ओवरी को सामान्य बताया गया है, जबकि ओवरी दो वर्ष पहले ही ऑपरेशन कर निकाल दी गई थी। शिकायत की थी कि चिकित्सक डॉ. सुभाष बालियान के पास एमआरआई सेंटर संचालित करने का वैध लाईसेंस नहीं है। शिकायत पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देशन में एक जांच कमेटी गठित कर दी थी। जांच में यह खेल खुल गया।
यह भी पढ़ें: योगी के गर्मी वाले बयान का असर: शामली में चला बुलडोजर... सपा नेता के चाचा के कब्जे से मुक्त कराई सरकारी भूमि, तस्वीरें