रोलिंग मिल में बेलदार की संदिग्ध हालात में मौत
मुजफ्फरनगर। शहर के वहलना चौक स्थित बालाजी रोलिंग मिल्स में बेलदार का काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह सोमवार शाम से लापता था। परिजनों को फैक्टरी प्रबंधन ने सोमवार दोपहर में ही घर लौट जाने की जानकारी दी थी। मंगलवार दोपहर युवक का शव फैक्टरी परिसर में स्थित पानी के बड़े टैंक में पड़ा मिला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव वहलना निवासी सोहन (42 वर्ष) पुत्र निरंजन वहलना में ही स्थित बालाजी रोलिंग मिल्स में बेलदार का काम करता था। वह सोमवार सुबह फैक्टरी में काम पर गया, लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। युवक की पत्नी शाम को फैक्टरी पहुंची तो फैक्टरी प्रबंधन द्वारा सोहन के सोमवार दोपहर एक बजे ही काम से घर लौट जाने की जानकारी दी। इसके बाद से ही परिजन लगातार सोहन की तलाश कर रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे कुछ मजदूर फैक्टरी परिसर में ही स्थित पानी के बड़े टैंक के पास ऊंचाई पर काम कर रहे थे। अचानक उनकी नजर टैंक में पड़े शव पर पड़ी। जिसकी जानकारी उन्होंने अन्य कर्मचारियों को दी। लोगों ने शव को टैंक से बाहर निकाला, जिसकी शिनाख्त सोमवार शाम से लापता सोहन के रूप में हुई।
लापता सोहन का शव बरामद होने की सूचना पर उसके परिजन भी फैक्टरी पहुंचे और अनहोनी की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में भिजवाया। एसओ समयपाल अत्री का कहना है कि लापता मजदूर का शव फैक्टरी के पानी के टैंक से बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी तरह की कोई तहरीर परिजनों द्वारा नहीं दी गई है।