डीएम कार्यालय पर बैनर लेकर पहुंचा युवक।
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी से परेशान होकर एक पति ने डीएम कार्यालय पर इच्छा मृत्यु की मांग की। युवक ने पत्नी से अपनी जान का खतरा जताया। उसका कहना है कि उसकी पत्नी किसी और से प्रेम करती है। युवक को पकड़कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया।
नई मंडी कोतवाली के गांधी नगर निवासी सुमित सैनी इच्छामृत्यु की मांग करते हुए एक बैनर लेकर सोमवार को डीएम कार्यालय पर पहुंचा। उसका कहना कि उसकी ससुराल कूकड़ा में है। शादी को एक साल हुआ है। उसकी पत्नी जान से मरवाने की धमकी देती है और मारपीट करती है। वह उसे पसंद नहीं करती। उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई, वह किसी और से प्रेम करती है।
पीड़ित ने कहा कि पत्नी कमाई का सब पैसा मांगती है। परिजनों ने उसे बेदखल कर दिया है। उसने परिजनों से मिले आठ लाख रुपये में से तीन लाख रुपये पत्नी को दिए थे।
वह मायके चली गई। उसके पैसे से भाई की शादी के लिए मकान बना रही है। एक लाख रुपये की मांग करते हुए उसके परिजनों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। वह उसे लेने गया, पर वह आ भी नहीं रही है।
उसने अपनी पत्नी को लाने के लिए कोर्ट में दावा भी किया। पीड़ित ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु की मांग की। युवक को पकड़ कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि युवक से मामले की जानकारी की जा रही है।