मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सदन की समस्त मर्यादाएं तार-तार हो गई। सभासद अब्दुल सत्तार ने बोर्ड बैठक के बीच में ईओ और चेयरमैन पर सीधे हमले का प्रयास किया।
उनकी मेज के सामने आकर ईओ से कहा कि तेरे कपड़े फाड़ दूंगा, यहीं नहीं थप्पड़ मारने की चेतावनी भी दी। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने शांत होने के लिए कहा, तो उनसे कहा कि तुम पुरुष होती तो यहीं पर पटक कर मार देता। सभासदों ने जहां बैठक निरस्त करने की बात कही, वहीं चेयरमैन ने बैठक को स्थगित कर दिया।
पालिका सभाकक्ष में मंगलवार को बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। करीब 11 बजे प्रारंभ हुई बोर्ड बैठक में नगर विकास को लेकर चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने सभासदों के समक्ष एजेंडा रखा। 36 प्रस्तावों पर बोर्ड बैठक में चर्चा होनी थी।
ईओ विकास सेन ने सदन के सम्मुख एजेंडा प्रस्तुत किया, तो गत कार्यवाही की पुष्टि से पहले ही सभासद अरविंद धनगर, राजीव शर्मा, अब्दुल सत्तार, प्रवीण पीटर, मनोज वर्मा, विपुल भटनागर आदि ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
करीब आधा घंटा तक हंगामा होता रहा। अराजकता का ऐसा माहौल बना कि सभासद अब्दुल सत्तार सीधे ईओ की मेज के सामने जाकर खड़े हो गए। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने सभासद की इस अभद्रता का विरोध किया, तो सत्तार अहमद ने उनसे कहा कि इस कुर्सी पर कोई पुरुष होता तो यहीं पर पटक देता।
इसमें सबसे बड़ी बात यह रही कि भाजपा के सभासदों को मौन समर्थन अराजकता करने वालों के साथ रहा। इसी बीच सभासदों ने अचानक राष्ट्रगान शुरू कर दिया और मीटिंग खत्म करने की घोषणा कर दी।