मेडिकल कॉलेज के बाहर धरना देते एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर परीक्षा में अनुत्तीर्ण करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। कॉलेज के मेनगेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। बाद में प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में तय हुआ कि यूनिवर्सिटी के कुलपति से मिलकर कॉपियों की दोबारा जांच कराई जाएगी।
मंसूरपुर के बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज का पिछले सप्ताह एमबीबीएस तृतीय वर्ष का परीक्षाफल आया था, जिसमें 150 में से 122 छात्र-छात्राएं अनुत्तीर्ण हो गए थे। इसको लेकर छात्रों में रोष व्याप्त था। सोमवार को आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मेन गेट पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया।
छात्रों का आरोप था कि कॉलेज प्रशासन ने आंतरिक और प्रयोगात्मक परीक्षा में जान-बूझकर फेल कर दिया है, ताकि उनसे दोबारा शुल्क वसूला जा सके। सूचना मिलने पर कॉलेज ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं सपा नेता गौरव स्वरूप कॉलेज पहुंचे, लेकिन छात्रा उनकी गाड़ी के आगे खड़े हो गए। छात्रों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में समझाने पर छात्रों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई।
गौरव ने आश्वासन दिया कि कॉलेज प्रशासन के साथ छात्र-छात्राएं मेरठ यूनिवर्सिटी के कुलपति से मिलकर कॉपियों की दोबारा से मूल्यांकन कराने की मांग करेंगे। इस आश्वासन पर छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।