खतौली के मोहल्ला लाल मोहम्मद के रहने वाले किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी ले?
- फोटो : KHATAULI
किशोर ने दुकान में संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दी
खतौली। किशोर ने अपने पिता की दुकान में ही संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोर की मौत को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। आत्महत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। परिवार के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को सुपुर्दे-खाक कर दिया है।
नगर के मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी गुलजार की जीटी रोड पर आयकर विभाग कार्यालय के सामने जेनरेटर रिपेयरिंग की दुकान है। गुलजार पिछले कई माह से बीमार चल रहा है। सोमवार को गुलजार का 13 वर्षीय पुत्र रिहान अपने पिता की दुकान पर गया था। दुकान में रिहान ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रिहान का शव दुकान की छत में लटका देखकर आसपास के दुकानदारों में सनसनी फैल गई। दुकान में काम करने वाले युवकों ने शव को छत से लटका देखा तो वे तुरंत भागकर घर पर पहुंचे और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव को छत से नीचे उतारा और अपने घर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने सोमवार की रात में ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।