मुजफ्फरनगर। लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज गुड़ पर भारी पड़ रहा है। एक सप्ताह से गुड़ के दामों में मौसम के अनुसार ही उतार-चढ़ाव हो रहा है। सात दिन पहले खराब मौसम में जहां गुड़ की आवक कम होने पर दाम बढ़ गए थे, वहीं चार दिन धूप निकली तो आवक ज्यादा होने पर गुड़ के भाव में साढ़े तीन सौ से चार सौ रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट आ गई है। गुड़ का भाव कम होने से व्यापारी परेशान है।
एशिया की प्रसिद्ध मुजफ्फरनगर गुड़ मंडी में सीजन के दौरान रोजाना दस से 12 हजार मन गुड़ की आवक होती है। मौसम खराब हो तो भी तीन से पांच हजार तक की आवक हो जाती है। बीते एक सप्ताह से मौसम खराब है। कोहरे और बरसात के कारण कोल्हुओं में गुड़ का उत्पादन कम हुआ। ऐसे में आवक कम होने पर गुड़ मंडी में गुड़ के दाम अच्छे रहे। सात दिन पहले चाकू 1338 रुपये, लडडू 1451 रुपये, खुरपा 1240 रुपये, शक्कर मसाला 1335 रुपये प्रति मन के हिसाब से बिका था। सोमवार को यह भाव घट कर चाकू 1171, लडडू 1263, खुरपा 1070 और शक्कर मसाला 1211 रुपये प्रति मन रह गया है। यानि एक सप्ताह में गुड़ और शक्कर के दाम में प्रति क्विंटल साढे़ तीन सौ से लेकर चार सौ रुपये तक की कमी आ गई है। गुड़ कारोबारी संजय मित्तल, श्याम सिंह सैनी, नरेश गोयल का कहना है कि मौसम का असर मंडी के भाव पर पड़ रहा है। खराब मौसम में गुड़ काफी अच्छे दाम में बिक गया अब चार सौ रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कम हो गया है।