खतौली के गांव रसूलपुर कैलोरा में लेनदेन के विवाद में मामा ने दो पुत्रों के साथ मिलकर भांजी हिमांशी (27) की गोली मारकर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कार में रखा छोड़कर फरार हो गए। हिमांशी ने विनीत के साथ कोर्ट मैरिज की थी। 12 नवंबर को दोनों की विधिवत शादी होनी थी। विनीत ने अपनी पत्नी के मामा व उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर शकिस्त निवासी हिमांशी (27) के पिता अनिल चौधरी की मौत 2014 में हो गई थी। इस कारण युवती अपनी मां कविता के साथ खतौली के गांव रसूलपुर कैलोरा निवासी अपने मामा भारतवीर के यहां 18 माह से रह रही थी। हिमांशी ने 10 अक्टूबर को बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव मोड सदरपुर निवासी विनीत कुमार के साथ कोर्ट मैरिज की थी। 12 नवंबर को उनकी अरेंज मैरिज होनी थी।
शुक्रवार को भारतवीर के मकान से गोली चलने की आवाज आई। कुछ देर बाद हिमांशी के शव को कार में रखते हुए भारतवीर आदि को ग्रामीणों ने देख लिया। यह सूचना पुलिस को दी। डायल 112 टीम गांव में पहुंची तो तीनों आरोपी शव को कार में छोड़ कर फरार हो गए। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
मृतका के पति ने तहरीर देकर कहा कि उसकी पत्नी अपने मामा व ममेरे भाइयों से अपने रुपये मांगती थी। इसी विवाद में उसकी मामा भारतवीर और दो बेटों मुकुल व अंकुश ने हत्या कर दी। पुलिस ने मामा, उसके दो बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी सिटी का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।