गंगा एक्सप्रेस वे से शुकतीर्थ के जुड़ने की उम्मीदें जगी
मुजफ्फरनगर। गंगा-एक्सप्रेस वे योजना को हरिद्वार तक बढ़ाने के प्रस्ताव से पौराणिक शुकतीर्थ के विकास की उम्मीदें भी जग गई है। वेस्ट यूपी में ये ऐसा तीर्थ है, जहां देशभर से श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह हेतु पधारते है। शुकतीर्थ को हरिद्वार से सीधे जोड़ने को मांग दशकों से लंबित हैं।
मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस वे को लेकर योगी सरकार की नई कार्य योजना से शुकतीर्थ के विकास की संभावनाएं बढ़ गई हैं। गंगा एक्सप्रेस वे का एक सिरा हरिद्वार तक तथा प्रयागराज से काशी तक जोड़ने का प्रस्ताव यदि केंद्र ने मान लिया तो निश्चित ही पौराणिक शुकतीर्थ में भागवत भक्तों की आवाजाही में बढ़ोतरी हो जाएगी। दशकों पहले तीर्थ जीर्णोद्धारक वीतराग स्वामी कल्याणदेव ने ये मांग सरकारों के समक्ष रखी थी कि धार्मिक नगरी को हरिद्वार से सीधे जोड़ा जाए। गंगा किनारे ये सड़क बनाई जाए, ताकि देश के विभिन्न प्रांतों से भागवत कथा यज्ञ में आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार दर्शन को आसानी से पहुंच सके। अभी दिल्ली-दून एनएच-58 मार्ग से ही श्रद्धालु शुकतीर्थ और हरिद्वार के बीच यात्रा करना सुरक्षित और सुलभ मानते है। गत वर्ष 14 जुलाई को वीतराग स्वामी कल्याणदेव की पुण्यतिथि पर शुकदेव आश्रम आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भागवत पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद ने शुकतीर्थ को हरिद्वार तक सीधे जोड़ने का ज्ञापन पुन: दिया था। गंगा एक्सप्रेस वे को हरिद्वार तक बढ़ाने के प्रस्ताव में यदि प्रदेश सरकार ने शुकतीर्थ के आवागमन को उच्चस्तरीय बनाने पर गंभीरता बरती तो इस महाभारतकालीन तीर्थ की कायापलट होना तय है।
शुकतीर्थ से लक्सर की दूरी मात्र 28 किमी
मुजफ्फरनगर। श्रीमद्भागवत की उद्गम स्थली शुकतीर्थ से उत्तराखंड के लक्सर की दूरी मात्र 28 किलोमीटर है। फिलहाल जो सड़क लक्सर तक जाती है, वो ऐसी नहीं, जिसका सदुपयोग श्रद्धालु कर सके। भोकरहेड़ी, मजलिसपुर तोफीर, नया गांव, महाराजनगर, डल्लावाला, खानपुर आदि गांव इस मार्ग से जुड़े है। शुकतीर्थ से वाया मोरना होते हुए बरला गांव तक 22 किलोमीटर का मार्ग एनएच-58 पर निकलता है, लेकिन ये सड़क मार्ग बड़े यात्री वाहनों के अनुकूल नहीं है। यह मार्ग छछरौली, भोकरहेड़ी, रहमतपुर, सिकंदरपुर, गढ़वाड़ा, निरगाजनी, बसेड़ा गांव को बरला से जोड़ता है।
सीएम को सौंपा गया है मांगपत्र: ओमानंद
पौराणिक शुकतीर्थ वेस्ट यूपी का सबसे प्रसिद्ध तीर्थ है। वर्ष भर देश-विदेश से श्रद्धालु भागवत कथा सप्ताह और गंगा स्नान मेलों में आते हैं। गंगा एक्सप्रेस वे को हरिद्वार तक बढ़ाने पर शुकतीर्थ से जोड़ा जाए, ताकि धार्मिक नगरी में तीर्थयात्रियों का आवागमन बढ़े। इस संबंध में सीएम योगी आदित्यनाथ को मांगपत्र सौंपा गया है।
- स्वामी ओमानंद, पीठाधीश्वर, भागवत पीठ शुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ।