खालापार थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में मेरठ के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25.700 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.85 लाख रुपये बताई गई। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में एक मेरठ का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को खालापार थाने में तैनात उप निरीक्षक असगर अली अपनी टीम के साथ मेरठ रोड से गहरा बाग जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चार युवक पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर जाने लगे। पुलिस ने संदेह होने पर उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 25 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चारों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब, अनवर, इरशान और शहजाद निवासी ग्राम सिंधावली, रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा मेरठ के रूप में हुई है। इनमें अनवर कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। गिरफ्तार आरोपियों में अनवर के खिलाफ लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। तालिब, इरशान और शहजाद के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
सप्लायर से थोक में लेकर बेचते थे पुड़िया बनाकर
एएसपी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हरीश नाम के एक व्यक्ति से गांजा खरीदकर उसकी बिक्री करते थे और इससे अवैध मुनाफा कमाते थे। इस समय मांग अधिक होने के कारण वे ज्यादा मात्रा में गांजा लेकर आए थे। बताया कि वह मौके से सप्लायर फरार हो गया। हरीश ही पौड़ी के पहाड़ों से गांजा लेकर आता था। इसकी पुड़िया बनाकर तस्कर बेचते थे।