उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आईएएस अधिकारी द्वारा तैयार की गई शिकमी दुकानदारों की एक करोड़ टैक्स की दस फाइल ईओ हेमराज ने निरस्त कर दीं। चेयरपर्सन ने ईओ को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा है।
ईओ को जारी नोटिस में चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कहा कि शिकमी दुकानदारों के टैक्स के लंबे प्रकरणों के निस्तारण के लिए ईओ का कार्यभार देखने वाली आईएएस अधिकारी अमृृतपाल कौर ने दस फाइल तैयार की थीं।
इन फाइलों से पालिका के खाते में एक करोड़ रुपये जमा होते। ईओ हेमराज ने चेयरपर्सन से फाइलों के निस्तारण करने और टैक्स जमा कराने के लिए लिखित में अनुमति ली और बाद सभी फाइलों को बिना चेयरपर्सन की अनुमति के निरस्त कर दिया।
इस मामले में गोलमाल का आरोप भी लगाया जा रहा है। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने प्रकरण को गंभीरता से लिया है। ईओ को जारी नोटिस में तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा गया है। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल का कहना है कि इस प्रकरण से ईओ की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
एलईडी की स्वीकृति निरस्त की
शहर के भीड़ वाले इलाके में बिना चेयरपर्सन की अनुमति के ईओ हेमराज ने एलईडी लगाने की अनुमति दे दी। यह अनुमति शिवचौक और मंडी में चाट भंडार के निकट की है। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने ईओ की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए एलईडी की हाल ही में की गई सभी स्वीकृति निरस्त कर दी हैं।