सिविल लाइन क्षेत्र के कांवड़ मार्ग पर मदीना चौक पर बारिश के दौरान डिवाइडर पार करते समय स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में किशोर आ गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कच्ची सड़क पर स्थित सैफी कॉलोनी निवासी समद (17) अपने एक साथी के साथ मदीना चौक पर बुधवार रात सैलून पर बाल कटवाने के लिए गया था। इस दौरान बारिश होने के कारण दोनों दुकान पर ही बैठे रहे। देर रात जब बारिश नहीं रुकी तो दोनों बारिश में ही घर के लिए चल दिए।
इस दौरान मार्ग पर कई फीट पानी भरा था। सड़क के बीच लगे डिवाइडर के किनारों को पानी छू रहा था। घर जाते हुए समद का दोस्त डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ चला गया। समद भी डिवाइडर पार करने लगा। समद डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह काफी दूर जाकर गिरा और बेहोश हो गया। साथी ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद काफी लोग एकत्र हो गए।
पुलिस भी मौके पर पहुंची, तब युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन भी अस्पताल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी राजू कुमार साव से मृतक के पिता नूर मोहम्मद ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस को लिखकर भी दिया गया। सीओ ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराकर शव को दफना दिया है। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
क्षेत्र के लोगों ने स्ट्रीट लाइट के तार के जोड़ खुले होने की आशंका जताई है। वकार, रिजवान, वाजिद आदि का कहना है कि बारिश के पानी में करंट दूर तक दौड़ता है। यह कांवड़ मार्ग है। यदि यही लापरवाही रही तो कांवड़ियों के साथ कोई हादसा हो सकता है।