पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर दिल का दौरा पड़ जाने से सहकारी केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन राजबीर कश्यप (55) का निधन हो गया। वह चरथावल विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार थे। समर्थकों और परिवार के सदस्यों को साथ लेकर टिकट पर बातचीत करने के लिए ही पूर्व मंत्री से मिलने गए थे।
मंसूरपुर क्षेत्र के लच्छेड़ा गांव के रहने वाले राजबीर कश्यप पुराने भाजपा नेताओं में शामिल रहे। सोमवार को वह अपने भाई और पुत्र के अलावा ग्रामीणों के साथ सुबह 11 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के बडसू गांव स्थित आवास पर पहुंचे। जिलाध्यक्ष को अपना बायोडाटा दिया और चरथावल सीट से टिकट की दावेदारी की।
करीब एक घंटे तक वह समर्थकों के साथ आवास पर रहे और विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चर्चा करते रहे। यहां से वह समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री के एटूजेड कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे। घर पर पूर्व मंत्री के भाई विवेक बालियान से मुलाकात हुई। बातचीत चल रही थी, इस बीच कश्यप उठकर बाथरूम में चले गए।
काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे, जिस कारण उनके साथ आए लोगों ने आवाज दी। गांव का ही एक व्यक्ति बुलाने गया तो वह बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें एसकेबी आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने हार्टफेल होने के कारण निधन की जानकारी दी। परिजन शव को लेकर वापस लच्छेड़ा पहुंचे और पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया। यहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
निधन की जानकारी पर पूर्व मंत्री पहुंचे लच्छेड़ा
भाजपा नेता के निधन की जानकारी मिलने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान लच्छेड़ा गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की। बालियान ने बताया कि हार्टफेल हो जाने के कारण निधन हुआ है। राजबीर कश्यप भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता थे।
ये भी देखें...
बागपत: 'किसी से फोन मत कराना, पूरी मदद होगी', कॉल रिकॉर्डिंग पर बैठी जांच, आपूर्ति निरीक्षक निलंबित