क्रिकेट लीग में मुजफ्फरनगर ने शामली को हराया
मुजफ्फरनगर। जिला क्रिकेट लीग में खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच मे कशिश इंजीनियरिंग इलेवन मुजफ्फरनगर की टीम ने बीएस अकादमी शामली को 22 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मैच में टॉस कशिश इलेवन के कप्तान प्रवीन शर्मा ने जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बल्लेबाज शुभम अग्रवाल के 54 गेंदों पर 61 रन, सनी 36, गौरव सिद्धार्थ 19 और जावेद के 13 रनों की बदौलत टीम ने 20 ओवरों मे आठ विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए शामली के दोनों ओपनरों ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले नौ ओवरो मे 90 रन बना दिए, लेकिन 90 रनों पर पहला विकेट गिरते ही शामली की टीम संभल नहीं पाई और पूरी टीम 19.3 ओवर मे मात्र 131 रनों पर आउट हो गई। शामली के बल्लेबाज आमिर मिर्जा ने 48 रन, बिलाल ने 41 रन बनाए।
कशिश इलेवन के गेंदबाज माजिद, परवीन, अमित जवाला, सुमित को 2-2 विकेट, विशांक और सनी को 1-1 विकेट मिला। शानदार 61 रन बनाने वाले शुभम अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच दिया गया। अंपायर आदिल रजा जैदी और अरशद रहे। स्कोरर पलक शर्मा रहीं।