उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना-बसी गांव के लिंक मार्ग पर जंगल में पुलिस की कार सवार शराब तस्करों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक आरोपी हरियाणा प्रदेश के सोनीपत जनपद के गोहाना थाने के गांव ढुराना निवासी मोनू घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान बाएं हाथ में गोली लगने से एक पुलिसकर्मी मनोज कुमार भी जख्मी हो गया।
इंस्पेक्टर मगन वीर सिंह गिल गुरुवार को पुलिस बल के साथ बुढ़ाना-बसी गांव के लिंक मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। दोपहर करीब दो बजे मोबाइल फोन पर उन्हें सफेद रंग की कार में तस्करी की शराब की सूचना मिली। बसी गांव के जंगल में अचानक पुलिस को सामने देखकर सफेद रंग की कार सवार युवकों ने कार को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। जल्दबाजी में कार पेड़ से टकराकर रुक गई।
कार सवार तीनों युवकों ने पुलिस पर फायर करते हुए गेहूं व गन्ने के खेत से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी जवाबी फायर करते हुए युवकों को घेर लिया। पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दाहिने पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। बाएं हाथ में गोली लगने से पुलिसकर्मी मनोज कुमार भी घायल हो गया। पुलिस ने घेरकर घायल सहित दो बदमाशों को पकड़ लिया।
तीसरा बदमाश पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गया। पुलिस ने मौके से दो तमंचे व शराब की पेटियों से भरी कार बरामद की। उसका साथी जुम्मा भी इसी गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि तीनों बदमाश बिना नंबर की कार से हरियाणा के पानीपत से शराब की तस्करी करके ला रहे थे। यह शराब खतौली क्षेत्र में ले जाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि कार से 25 पेटी महंगी शराब की बरामद हुई है। तीनों युवक शराब की तस्करी के धंधे में संलिप्त है। पूछताछ के बाद पुलिस ने शराब के एक तस्कर का चालान कर दिया। घायल शराब के तस्कर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।