मुजफ्फरनगर। जनपद में एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 33 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें बुढ़ाना के एक ही परिवार के नौ लोग शामिल हैं जबकि जिला जेल का एक बंदी और मंसूरपुर थाने का एक सिपाही भी संक्रमित मिला है। मीरापुर की तीन साल की एक बच्ची को भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर 411 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें 17 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद देर शाम आईं और जांच रिपोर्ट में 16 अन्य लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। संक्रमितों में बुढ़ाना के एक ही परिवार के नौ सदस्य शामिल हैं। बुढ़ाना निवासी एक वृद्घ की पिछले सप्ताह कोरोना से मौत हो गई थी। उसके परिवार तथा संपर्क के करीब 28 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। इनमें से नौ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा मंसूरपुर थाने का एक सिपाही भी कोरोना संक्रमित मिला है। बताया गया कि 28 जून को मंसूरपुर पुलिस ने एक गोतस्कर को पकड़ा था। पुलिसकर्मी उसे मुजफ्फरनगर लेकर आए थे। गोतस्कर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया था। इनमें से पॉजिटिव मिला एक पुलिसकर्मी पुलिस लाइन में रहता है।
इसके अलावा शाहपुर में रैंडम जांच में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा जानसठ के गांव मुझेड़ा, शहर के पीएनबी सरकुलर रोड, सिटी सेंटर, टीचर्स कॉलोनी और प्रेमपुरी में एक-एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सिटी सेंटर, टीचर्स कॉलोनी और प्रेमपुरी में रैंडम सैंपल लेकर जांच की गई थी जबकि पीएनबी सरकुलर रोड पर मिला नया मामला पुराने केस से ही संबंधित है। देर शाम आई रिपोर्ट में शहर के सुभाषनगर के चार, बागोवाली के दो, गांधी कॉलोनी के सात, स्टेट बैंक कॉलोनी का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। कस्बा मीरापुर की एक तीन साल की बच्ची संक्रमित मिली है। जिला जेल में बंद एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसे 16 जून को लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले जेल भेजा गया था। सिविल लाइंस पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान किया था। आरोपी जिला जेल की क्वारंटीन बैरक में बंद है। अब तक जिला जेल में कुल पांच मामले सामने आ चुके हैं। सभी संक्रमितों को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में भर्ती कराया जा रहा है। जनपद में अब तक कुल 331 कोरोना रोगी सामने आ चुके हैं जिनमें से 242 ठीक हो गए हैं और 87 एक्टिव हैं। इसके अलावा 15 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।