शहर के इवान हॉस्पिटल में एक करोड़ रुपये से ज्यादा धनराशि का गबन करने का आरोप लगाया गया है। अस्पताल के तीन पूर्व कर्मचारियों पर के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इवान मल्टी हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय कुमार जैन ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि पूर्व कर्मचारी अक्षय बंसल ने संस्थान के विश्वास का दुरुपयोग किया। वह व्यवसाय से संबंधित नकदी प्रबंधन, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य वित्तीय कार्यों को संभालता था। नकद पुस्तिका, बैंक लेन-देन, यूपीआई रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा में कथित हेराफेरी कर एक करोड़ रुपये से ज्यादा धनराशि का गबन किया गया।
अस्पताल की मालिक मंजू जैन के पूछने पर संतोषजनक उत्तर न देते हुए रजिस्टर पूरा करने की बात कही। जांच में दो लाख रुपये की धनराशि गायब पाई गई। आरोपी ने नगद धनराशि लेकर मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभ दिया। जानकारी मिली कि उसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों तथा अपनी मित्र अस्पताल की कर्मचारी तृप्ति गुप्ता के साथ मिलकर यह षडयंत्र रचा। अस्पताल की धनराशि निकालने के बारे में तृप्ति गुप्ता ने ही जानकारी दी थी।
आरोपी ने अपने बहनोई आभूषण कारोबारी के साथ चांदी के काम में धनराशि निवेश की। उनसे तृप्ति गुप्ता को भी उधार धनराशि दिलाई थी। अपनी शादी में 19 अप्रैल 2026 को 20 लाख रुपये खर्च किए थे।
ये भी देखें...
Muzaffarnagar: जेल में बिगड़ी बंदी की तबीयत, अस्पताल में हुई मौत, परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप
इस मामले में आरोपी के अलावा तृप्ति गुप्ता, अमित गुप्ता के नाम की शिकायत की गई है। कहा गया कि अस्पताल में 8 जून 2020 से यह गबन का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि आरोपी के पिता ने भी अस्पताल आकर भरपाई करने का आश्वासन दिया लेकिन अब वह भी कॉल नहीं उठा रहे हैं। इस मामले में एक पूर्व कर्मचारी लेखाकार अमित गुप्ता भी आरोपियों के साथ शामिल रहा। उसे 23 दिसबंर 2022 को हटा दिया गया था। शिकायत में आरोपी के अलावा तृप्ति गुप्ता और अमित गुप्ता के नाम का भी जिक्र किया गया हैं। इस मामले में एसएसपी से शिकायत की थी। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये बोले सीओ
इस मामले में एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- राजू कुमार साव, सीओ नई मंडी।