पति सहित पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। मोहसिना हत्याकांड के मामले में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के बाहर दवाई लेने जा रही गांव शेरनगर निवासी मोहसिना की बृहस्पतिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मेडिकल कॉलेज गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में हत्या के बाद दो आरोपी बाइक पर खतौली की तरफ भागते हुए कैद हुए थे। पुलिस जांच में आया था कि महिला का अपने शौहर गांव सोरम निवासी फुरकान के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। वहीं, महिला करीब आठ साल पूर्व अपनी सगी भाभी की हत्या में भी जेल जा चुकी थी।
प्रथम दृष्टया जांच में हत्या की वजह शौहर के साथ चल रहा विवाद ही होने की बात सामने आ रही है। शुक्रवार को मोहसिना के भाई गांव मांडी निवासी इशरत ने उसके पति फुरकान सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम का भी गठन किया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौँप दिया।