मुजफ्फरनगर। मुस्तफा हत्याकांड और कॉस्मैटिक व्यापारी से लूट में आरोपी दबोच लिया गया। निशानदेही पर तमंचा बरामद कर चालान कर दिया है।
2015 में छह अगस्त को खालापार में मुस्तफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। केस में इमरान और चांद को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने चांद को अरेस्ट कर चालान कर दिया था। इमरान फरार चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इमरान ने 2013 में 17 नवंबर को भगत सिंह रोड पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
यहां पर कुंदनपुरा निवासी कॉस्मैटिक व्यापारी अभिषेक से करीब छह लाख रुपये लूटे थे। इसमें उसके तीन अन्य साथी शामिल थे। दूसरी वारदात में भी शामिल पाए जाने पर पुलिस ने इमरान की तलाश तेज कर दी थी। शनिवार देर रात पुलिस को सफलता हाथ लगी।
सूचना पर खालापार इलाके में इमरान को दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर मुस्तफा की हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी से कोतवाली में पूछताछ करने के बाद रविवार को चालान कर दिया है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश तेज कर दी गई है। बताते चलें कि मुस्तफा के परिजन काफी दिनों से इमरान की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।