लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना, जर्जर हो चुकी है पाइप लाइन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। नगर पालिका की पाइप लाइन फटने का सिलसिला जारी है। पाइप लाइन फटने से नगर की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। पाइप लाइन को ठीक कराया जा रहा है।
नगर पालिका की पाइप लाइन जर्जर हो चुकी है, जो आए दिन फट जाती है। इस कारण लोगों को पेयजल की आपूर्ति नहीं होती है। पेयजल आपूर्ति न होने से नागरिक परेशान हैं। जीटी रोड पर नागर कॉलोनी के सामने पाइप लाइन फट गई, जिसे ठीक करने के लिए दूर तक गड्ढा खोदा गया है। सड़क किनारे मिट्टी और इंटरलॉकिंग ईंट पड़ी होने से हादसे का भी खतरा बढ़ गया है। पाइप लाइन फटने की दशा में पूरे नगर की जलापूर्ति बाधित हो जाती है।
नगर को एक ही मुख्य पाइप लाइन से पेयजल आपूर्ति होती है। नागरिक सुनील कुमार, अजय कुमार, नौशाद अहमद, फुरकान, अनिल कुमार आदि का कहना है कि आए दिए पाइप लाइन फटने से नागरिक परेशान हैं। नगर पालिका की ओर से गर्मी के दिनों में भी उनको पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है।
लोगों को पैसा खर्च कर प्लांट से पानी मंगवाना पड़ता है। इस संंबंध में कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ईओ राजीव कुमार ने बताया कि पाइप लाइन को ठीक कराया जा रहा है। पाइप लाइन को ठीक करा कर शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।