मुजफ्फरनगर। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने जेई निर्माण विभाग कपिल कुमार का वेतन रोक दिया है। जेई बिना अनुमति ही मुख्यालय छोड़कर अवकाश पर चले गए। नाराज चेयरपर्सन ने जेई कपिल कुमार को नोटिस जारी करते हुए दो दिन में जवाब मांगने के साथ ही उनके वेतन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है।
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल बोर्ड बैठक का एजेंडा तैयार करा रही हैं। पालिका के जेई निर्माण कपिल कुमार बिना बताये ही अवकाश पर चले गये है। चेयरपर्सन ने कहा कि 13 मई 2022 की शाम से मुख्यालय से बाहर रहने के साथ ही बोर्ड बैठक एजेंडा में सम्मिलित होने वाले कार्यों का विभागीय स्तर पर व्यय अनुमान तैयार ना कर नगर विकास कार्य बाधित करने का काम जेई कपिल कुमार द्वारा किया गया है।
सहायक अभियंता निर्माण अखंड प्रताप सिंह की मौजूदगी में पूर्व में कपिल कुमार को वित्तीय वर्ष 2021-22 में और वर्तमान वित्तीय वर्ष में कई बार आम जनमानस की सुविधाओं से सीधे जुड़ी आवश्यकताओं और नगर विकास के कई महत्वपूर्ण जनहित के विकास कार्यों के व्यय अनुमान तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया था। लेकिन वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 के डेढ़ माह की अवधि व्यतीत होने के बावजूद भी अपेक्षित व्यय अनुमान बनाकर प्रस्तुत नहीं किए गए।
ये हैं चेयरपर्सन के ड्रीम प्रोजेक्ट
ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने विकास कार्यों में पालिका स्वामित्व के कंपनी बाग स्थित मिड स्ट्रीम मोडल रेस्टोरेन्ट के रेनोवेशन कार्य, रुड़की रोड पर अवैध कब्जा मुक्त करायी गयी भूमि, जिसकी चारदीवारी करायी गयी हैं उसमें गरीब कन्याओं की शादी के लिए टीन शैड समेत अन्य कार्य कराए जाने हैं।