पालिका का सभागार खुला नहीं, लौट गए सभासद
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के सभासदों की बैठक के लिए टाउन हाल का ताला नहीं खुलवाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक सभासद नगर पालिका परिसर में खड़े रहे और पालिका कर्मचारियों के चाबी लाने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। ईओ और एडीएम प्रशासन से भी बात की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार डेढ़ घंटे पालिका परिसर में इंतजार करने के बाद सभासदों को बिना बैठक किए ही लौटना पड़ा। पालिका सदस्यों का कहना है कि बैठक की पूर्व अनुमति लेने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने सभागार नहीं खुलवाकर सभासदों का अपमान किया है।
नगर पालिका बोर्ड की बैठक के लिए 19 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की गई है। सभासदों ने एजेंडे पर विचार विमर्श के लिए रविवार को टाउन हाल सभागार में बैठक बुलाई थी। सभासद राजीव शर्मा ने बताया कि बैठक के लिए अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी को पहले ही पत्र दे दिया था। पत्र में नगर पालिका से दो कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाने के लिए कहा गया था। ईओ ने स्वीकृति देते हुए पालिका के बड़े बाबू को पत्र अग्रसारित कर दिया था। रविवार को दोपहर एक बजे जब सभासद बैठक के लिए पहुंचे तो टाउन हाल में ताला लगा मिला। काफी देर इंतजार के बाद भी कोई पालिका कर्मचारी नहीं पहुंचा। नगर पालिका परिसर में 26 से ज्यादा सभासद मौजूद थे, लेकिन पालिका कोई कर्मचारी नहीं दिखा। सभासदों ने बताया कि उन्होंने ईओ से फोन पर बात की। उन्होंने कर्मचारियों को भी भेजने की बात कही थी, लेकिन डेढ़ घंटे तक भी कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार ढाई बजे सभी सभासदों को बिना बैठक किए ही लौटना पड़ा। इसे लेकर पालिका परिसर में काफी देर तक हंगामी माहौल रहा। उधर, इस संबंध में जब ईओ से बात करने का प्रयास किया गया तो पहले तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ और बाद में बंद हो गया।
सभासदों ने नाराजगी जताई
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका प्रशासन द्वारा सभागार का ताला नहीं खुलवाने को लेकर सभासदों में भारी आक्रोश रहा। सभासदों ने आरोप लगाया कि चेयरपर्सन के कहने पर ताला नहीं खोला जा रहा है। काफी इंतजार के बाद आक्रोशित सभासद ताला तोड़ने के लिए सभागार के गेट पर पहुंच गए, लेकिन बाद में लौट आए। कहा कि वह कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहते। सभासदों ने बताया कि उन्होंने चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के मोबाइल पर भी कई कॉल की, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
फिर हंगामेदार होगी बैठक
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के सभासद पहले से ही बोर्ड बैठक के लिए जारी किए गए एजेंडे में शामिल कई बिंदुओं को लेकर विरोध जता रहे थे। अब सभागार का ताला नहीं खुलवाने पर इसके आसार और बढ़ गए हैं कि 19 अक्तूबर को होने वाली बोर्ड बैठक हंगामेदार होगी। सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा आदि का कहना है कि चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल पालिका सदस्यों को कुछ नहीं समझती हैं। तीस सभासद डेढ़ घंटे तक पालिका परिसर में खड़े रहे, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने सभागार का ताला नहीं खुलवाया। इस संबंध में ईओ और एडीएम प्रशासन से बात करने के बावजूद कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। कहा कि इस संबंध में सोमवार को ईओ से मिला जाएगा। इस पूरे प्रकरण में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग प्रशासन से की जाएगी। सभासदों ने चेतावनी दी है कि जनहित के प्रस्तावों को छोड़कर उन सभी प्रस्तावों का विरोध किया जाएगा जो चेयरपर्सन ने अपनी सहमति से रखे हैं। आरोप लगाया कि चेयरपर्सन बोर्ड बैठक के एजेंडे को लेकर सभासदों से कोई चर्चा नहीं करती और न ही उन्हें विश्वास में लेने का प्रयास करती हैं।
ये सभासद रहे मौजूद
अन्नू कुरैशी, विकास गुप्ता, पवन चौधरी, राहुल पंवार, प्रियांशु जैन, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, सुनील शर्मा, नरेश मित्तल, प्रेमी छाबड़ा, विवेक चुघ, नौशाद कुरैशी, प्रवीण पीटर, नदीम खान, भीष्म धीमान, विपुल भटनागर, मनोज बॉबी, सरफराज वार्ड 49 और सरफराज वार्ड 40, राहत, सत्तार, उमर, सचिन, परवेज, नरेश एवं सलीम आदि सभासद बैठक के लिए पहुंचे थे।
मुझे सभासदों की बैठक की जानकारी नहीं है। ईओ या सभासदों ने इस संबंध में कुछ नहीं बताया। सभागार का ताला बंद रहता है, लेकिन मेरा कार्यालय हमेशा खुला रहता है। यदि सभासदों को बैठक करनी थी तो मेरे कार्यालय में कर लेते।
- अंजू अग्रवाल, चेयरपर्सन, नगर पालिका।