मुजफ्फरनगर में मोहल्ला काजियान निवासी महिला को अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष ने मारपीट के बाद तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजियान निवासी कुलसुम का निकाह कुछ समय पूर्व पुरकाजी के मोहल्ला घास मंडी निवासी आरिफ से हुआ था। कुलसुम ने तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये लाकर देने के लिए प्रताड़ित करने लगा।
विरोध करने पर गालीगलौज व मारपीट की जाती थी। पीड़िता का कहना है कि कुछ दिन पूर्व पति आरिफ ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। विरोध करने पर उसे धमकियां दी जाने लगी।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शौहर आरिफ, सास निगहत, ससुर मुजीबुल हसन, देवर उबैद व आमिर के खिलाफ मुस्लिम निकाह संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।